Friday , November 20 2026 7:04 AM
Home / News / झुहाई शो से पहले चीन का बड़ा दांव, पाकिस्तान को दिए VT-4B टैंक की बढ़ाई ताकत, क्या मिलेंगे नए ग्राहक?

झुहाई शो से पहले चीन का बड़ा दांव, पाकिस्तान को दिए VT-4B टैंक की बढ़ाई ताकत, क्या मिलेंगे नए ग्राहक?


चीन ने अंतरराष्ट्रीय बाजार को ध्यान में रखते हुए अपनी VT-4 सीरीज के बैटल टैंक को मॉडर्न तकनीक के साथ अपग्रेड किया है। झुहाई में होने वाली चीन की प्रमुख रक्षा प्रदर्शनी (7 से 13 दिसंबर) से पहले इस नए टैंक के अपग्रेड की तस्वीरें सामने आई हैं। माना जा रहा है कि चीन इस टैंक के लिए दुनिया में नए ग्राहक चाहता है। ऐसे में उसने इस टैंक के एक्सपोर्ट वर्जन की ताकत को कई स्तरों पर बढ़ाया है। चीन के इस टैंक का पाकिस्तान पहले ही इस्तेमाल कर रहा है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, नए अपग्रेड टैंक का नाम VT-4B है। मौजूदा VT-4A की तुलना में इसमें आर्मर सुरक्षा, एक्टिव प्रोटेक्शन, वेपन स्टेशन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में सुधार किए गए हैं। ये सुधार चीन के अगली पीढ़ी की बख्तरबंद तकनीक से प्रेरित हैं, जो चौथी पीढ़ी के टाइप 100 टैंक फैमिली और टाइप 99B मुख्य युद्धक टैंक में हैं। हालांकि VT-4B का मूल डिजाइन तीसरी पीढ़ी के मुख्य युद्धक टैंक जैसा है।
चीन का सफल टैंक VT-4 – चीन की VT-4 सीरीज को उसके सबसे ज्यादा निर्यात होने वाले टैंकों में गिना जाता है। यह टैंक पाकिस्तान, थाईलैंड और नाइजीरियाई सेना में पहले से शामिल हैं। सामने आई तस्वीरों में इस नए वेरिएंट में बड़े आर्मर अपग्रेड दिखे हैं। इसके अगले हिस्से और किनारों को मोटे एक्सप्लोसिव रिएक्टिव आर्मर से मजबूत किया गया है। इससे टैंक का निचला हिस्सा और रनिंग गियर के हिस्से सुरक्षित हो जाते हैं।
VT-4B की सबसे खास विशेषताओं में से एक इसका 30mm का रिमोट से चलने वाला वेपन स्टेशन है। इसने चीन के अधिकांश टैंकों में छत पर लगी 12.7mm की मशीन गन की जगह ली है। यह बड़ी कैलिबर वाली गन, लोइटरिंग म्यूनिशन और FPV (फर्स्ट-पर्सन-व्यू) ड्रोन के बढ़ते खतरों के साथ-साथ पैदल सेना और एंटी-टैंक टीमों के खिलाफ ज्यादा मारक क्षमता देती है।