Friday , November 20 2026 7:22 PM
Home / News / बांग्लादेश ने हिरासत में लिए गए BSF जवान को वापस लौटाया, फ्लैग मीटिंग के बाद फैसला

बांग्लादेश ने हिरासत में लिए गए BSF जवान को वापस लौटाया, फ्लैग मीटिंग के बाद फैसला


मेघालय में मंगलवार को गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पड़ोसी देश के नियंत्रण वाले हिस्से में चले जाने की वजह से बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) द्वारा हिरासत में लिया गया सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जवान दोनों पक्षों की बैठक के बाद शाम को सुरक्षित लौट आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बीएसएफ ने क्या बताया? – अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल रैंक का एक सशस्त्र जवान अपराह्न ‘अनजाने में’ सीमा की दूसरी तरफ चला गया था। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के कमांडरों के बीच बातचीत और मुलाकात के बाद जवान शाम को सुरक्षित लौट आया। उन्होंने बताया कि यह घटना मेघालय के जोवाई इलाके में हुई, जो बांग्लादेश के सिलहट जिले से लगता है। इस इलाके में दोनों तरफ से पर्यटक आते-जाते रहते हैं।
वायरल वीडियो में क्या दिखा था? – बीएसएफ अधिकारियों ने इससे पहले कहा था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल उन वीडियो का संज्ञान लिया है, जिनमें बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के दो जवान और कुछ स्थानीय लोग एक भारतीय जवान के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि भारतीय जवान के पास एक वॉकी-टॉकी सेट, एक इंसास राइफल तथा एक पंप-एक्शन गन है।
बीएसएफ जवान को मोटरसाइकिल पर ले जाते दिखे – सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बीजीबी कर्मी भारतीय जवान को एक स्थानीय व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। भारत-बांग्लादेश की 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) की रक्षा बीएसएफ द्वारा की जाती है।