अलोक गुप्ता | वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर भारत के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने न केवल अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संभाला बल्कि एक बड़ा ऐतिहासिक कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया है। 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने भारतीय गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और महज 73 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। फिलिप्स ने पारी के 51वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की दूसरी गेंद पर चौका जड़कर पचासा पूरा किया और अगली ही गेंद पर एक और शानदार चौका लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए।
भारत के खिलाफ लगातार बना रहे रन – अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान दसवां चौका जड़ते ही ग्लेन फिलिप्स ने साल 2026 में भारत के खिलाफ अपने कुल अंतरराष्ट्रीय रनों की संख्या 756 तक पहुंचा दी है। इस उपलब्धि के साथ ही वह भारत के खिलाफ किसी एक कैलेंडर ईयर में न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। फिलिप्स ने अपने ही साथी खिलाड़ी डेरिल मिचेल को पीछे छोड़ते हुए इस खास सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया है, जिन्होंने साल 2026 में ही भारत के खिलाफ 17 पारियों में 754 रन बनाए हैं।
हर सीरीज में बनाए हैं फिलिप्स ने रन – इसी महीने भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई टी20 सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए ग्लेन फिलिप्स का बल्ला साल 2026 में भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ जमकर आग उगल रहा है। उन्होंने इस साल भारत के खिलाफ अब तक खेले गए 18 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 17 पारियों में 58 से ज्यादा की औसत से 756 रन कूटे हैं, जिसमें दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। इस खास सूची में फिलिप्स और मिचेल के बाद क्रिस केर्न्स (1999 में 665 रन), ब्रेंडन मैकुलम (2014 में 637 रन), ग्लेन टर्नर (1976 में 593 रन), जेसी राइडर (2009 में 579 रन) और केन विलियमसन (2014 में 531 रन) जैसे दिग्गजों के नाम आते हैं।
टी20, वनडे के बाद टेस्ट में भी रन – तीनों फॉर्मेट में ग्लेन फिलिप्स के इस साल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के खिलाफ 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 11 पारियों में 58 की औसत और एक शतक व चार अर्धशतकों की मदद से 522 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 6 वनडे मैचों की 5 पारियों में एक शतक सहित 180 रन जोड़े हैं, जबकि वेलिंगटन टेस्ट की इस पहली पारी में वह खबर लिखे जाने तक 74 गेंदों में 10 चौकों की मदद से नाबाद 55 रन बना चुके हैं।
वहीं अगर विश्व क्रिकेट में भारत के खिलाफ किसी एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें, तो यह कीर्तिमान वेस्टइंडीज के पूर्व सलामी बल्लेबाज गॉर्डन ग्रीनिज के नाम दर्ज है। ग्रीनिज ने साल 1983 में भारत के खिलाफ 22 मैचों की 28 पारियों में 1,337 रन बनाए थे। इस वैश्विक सूची में ग्रीनिज के बाद सनथ जयसूर्या, विव रिचर्ड्स, शिवनारायण चंद्रपॉल, क्लाइव लॉयड और डेविड बून जैसे दिग्गज बल्लेबाजों का नाम शुमार है।
Home / Sports / टी20, वनडे के बाद अब टेस्ट में परेशान करना शुरू, टीम इंडिया के पीछे पड़े ग्लेन फिल्प्स, सबसे बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website