Saturday , November 28 2026 2:49 PM
Home / Entertainment / Bollywood / साई पल्लवी से 78 साल पहले सीता बनने पर काजोल की नानी शोभना समर्थ की हुई थी खूब आलोचना, कहा गया-अपवित्र तमाशा

साई पल्लवी से 78 साल पहले सीता बनने पर काजोल की नानी शोभना समर्थ की हुई थी खूब आलोचना, कहा गया-अपवित्र तमाशा


इन दिनों नितेश तिवारी की ‘रामायण’ भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में सबसे अधिक सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म ने जहां कमाई के मामले में ढेरों रेकॉर्ड्स तोड़े हैं वहीं काफी लोग इसके खिलाफ भी बातें करते दिखे। दरअसल कुछ फिल्म इंडस्ट्री के ही लोगों मे इसे असली रामायण के साथ छेड़छाड़ बताया है। ऐसे ही मुद्दों में सबसे अधिक चर्चा ‘रामायण’ की सीता को लेकर है, जिन्हें फिल्म में राम और लक्ष्मण के साथ राक्षसों से लड़ते दिखाया गया है। यहां हम बात कर रहे हैं सीता के रोल में साई पल्लवी की आलोचना से पहले हुई एक्ट्रेस शोभना समर्थ की। शोभना समर्थ रिश्ते में काजोल की नानी हैं और सीता के रोल में उनकी जमकर आलोचना हुई थी।
दर्शकों के बीच शोभना समर्थ की पहचान सीता के रूप में बन गई थी – उन्होंने इससे पहले 1942 में फिल्म ‘भरत मिलाप’ और 1943 में ‘राम राज्य’ में सीता का किरदार निभाया था। दोनों फिल्मों में उनके एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था और दर्शकों के बीच उनकी पहचान सीता के रूप में बन गई थी। इसके बाद एक और फिल्म आई ‘रामबाण’ जिसमें उन्हें फिर सीता का रोल निभाने को मिला।
शूटिंग के दौरान शोभना 8 महीने की प्रेग्नेंट थीं – नितेश तिवारी की इस ‘रामायण’ से पहले साल 1948 में आई फिल्म ‘रामबाण’ को लेकर काफी विवाद हो गया था। फिल्म की शूटिंग के दौरान शोभना 8 महीने की प्रेग्नेंट थीं। इसी बात को लेकर फिल्म मैगजीन ‘फिल्म इंडिया’ के एडिटर बाबूराव पटेल ने उनकी भूमिका पर सवाल उठाए थे।
लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ी मान्यताओं के खिलाफ – उन्होंने अपने लेख में शोभना के सीता बनने पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि प्रेग्नेंसी में इस किरदार को निभाना सही नहीं। उन्होंने कहा था कि ये लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ी मान्यताओं के खिलाफ है। उन्होंने एक्ट्रेस की उम्र और शारीरिक बनावट को लेकर भी कुछ बातें कही थीं। पटेल ने फिल्म के अपने रिव्यू में साफ कहा था कि उनकी प्रेग्नेंसी देवी की आइडियल इमेज से मेल नहीं खाती।
एडिटर ने कहा था- यह एक बीमार और अपवित्र तमाशा बन जाती है – उन्होंने लिखा था, ‘उनकी प्रेग्नेंसी को हर किसी की नजरें घूरती हैं। ये फिल्म के 14147 फीट हिस्से में यह एक बीमार और अपवित्र तमाशा बन जाती है। ये सीता के नाम से जुड़ी महानता की भावना के खिलाफ है। इसमें एक खतरनाक और नाजुक स्थिति में एक महिला से ऐसा रोल करने के लिए कहा जाए जिसे लाखों लोग एक महिला के सबसे अच्छे और दिव्य आदर्श के रूप में पूजते हैं।’
दर्शकों से फिल्म को बॉयकॉट करने तक की अपील की – बाबूराव पटेल ने तो दर्शकों से फिल्म को बॉयकॉट करने तक की अपील की थी। उनका कहना था कि फिल्म में शोभना को प्रेग्नेंट देखकर बच्चों के मन में सीता के वनवास के दौरान गर्भवती होने की गलत धारणा बन सकती है। हालांकि, इससे पहले शोभना समर्थ की ‘भरत मिलाप’ और ‘राम राज्य’ को काफी सफलता मिली थी। ‘राम राज्य’ को लेकर यह भी कहा जाता है कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन में यही फिल्म देखी थी।
सीता का रोल करने के लिए उन्हें बहुत बूढ़ी और कमजोर औरत बताया – उन्होंने ये भी कहा था, ‘प्रेग्नेंसी के अलावा कई बच्चों की मां के तौर पर शोभना, सीता का रोल करने के लिए बहुत बूढ़ी और कमजोर औरत दिख रही हैं। उनके गाल पिचके हुए हैं, आंखें उभरी हुई हैं और खून की कमी है। हाथ बेडौल दिख रहे हैं और कूल्हे भी अजीब नजर आ रहे हैं।’
एक्ट्रेस को इस रोल में पहले सफलता मिल चुकी थी – यह कॉन्ट्रोवर्सी इसलिए भी काफी चर्चा में रही थी क्योंकि एक्ट्रेस को इस रोल में पहले सफलता मिल चुकी थी। शोभना ने सबसे पहले विजय भट्ट की ‘भरत मिलाप’ (1942) में सीता का रोल निभाया था। इस फिल्म में राम, सीता और लक्ष्मण के अयोध्या से वनवास के आस-पास की घटनाओं को दिखाया गया था। इस फिल्म को मिली सफलता के बाद भट्ट ने 1943 में फिर उन्हें ‘राम राज्य’ के लिए कास्ट कर लिया। इसके बाद से शोभना का इस किरदार से जुड़ाव और तय हो गया।
सीता की भूमिका उस दौर में बड़े विवाद का कारण बनी थी – इस तरह शोभना समर्थ की ‘रामबाण’ में सीता की भूमिका उस दौर में बड़े विवाद का कारण बनी थी। आज साई पल्लवी की कास्टिंग को लेकर हो रही चर्चा के बीच यह पुराना किस्सा एक बार फिर सामने आया है।
शोभना समर्थ की फैमिली ट्री – शोभना की फैमिली ट्री की बात करें तो तनुजा, नूतन उनकी बेटियां हैं। उनकी शादी डायरेक्टर कुमारसेन समर्थ के साथ हुई। इस शादी से तीन बेटियां, नूतन , तनुजा और चतुरा के अलावा एक बेटा, जयदीप हुए। काजोल और तनीषा एक्ट्रेस तनुजा की बेटियां हैं।