Friday , November 27 2026 6:30 PM
Home / News / नेपाल बाढ़ में लापता 213 भारतीयों को लेकर बड़ा अपडेट, मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू

नेपाल बाढ़ में लापता 213 भारतीयों को लेकर बड़ा अपडेट, मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू


नेपाल सरकार ने अगस्त में त्रिशूली-भोटेकोशी नदी में अचानक विनाशकारी बाढ़ आने के बाद लापता हुए 213 भारतीय नागरिकों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने उन नेपाली एवं भारतीय नागरिकों की एक सूची प्रकाशित की है जो 26 अगस्त को विनाशकारी बाढ़ आने के बाद लापता हो गये थे। इस बाढ़ में कम से कम 1500 लोगों की जान चली गयी थी।
19 देशों के कुल 623 विदेशी नागरिक लापता – एनडीआरआरएमए के अनुसार, 19 देशों के कुल 623 विदेशी नागरिक लापता हुए थे। इस सूची में कुल 3,915 लोग हैं, जिनमें 3,292 नेपाली नागरिक और 623 विदेशी नागरिक हैं। एनडीआरआरएमए ने सूची में नाम जोड़ने, हटाने या दर्ज विवरण में संशोधन के लिए आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए हैं।
परिजनों को आपत्ति दर्ज कराने का वक्त दिया गया – बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में भारतीय दूतावास ने कहा कि यदि अब भी लापता बताये जा रहे व्यक्तियों के परिजनों को इस सूची के संबंध में कोई आपत्ति है या बदलाव कराने हैं, तो वे दो दिसंबर से पहले दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। उसने कहा कि सुझाव और संशोधन प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेपाल सरकार सूची को अंतिम रूप देगी और इन लोगों की मृत्यु की औपचारिक घोषणा करेगी।
मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करेगा नेपाल – इसके बाद भारतीय दूतावास नेपाल के स्थानीय अधिकारियों से इन लोगों के मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। दूतावास ने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान लापता लोगों के परिजनों से अतिरिक्त जानकारी और दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।
लापता विदेशियों में 213 भारतीय नागरिक – बाढ़ में लापता विदेशी नागरिकों में 213 भारतीय हैं। इसके अलावा चीन के 85, अमेरिका के 69, यूक्रेन और मलेशिया के 54-54, ऑस्ट्रेलिया के 33, ब्रिटेन के 32 और कनाडा के 27 नागरिक भी लापता हैं। एनडीआरआरएमए के अनुसार इसी तरह रूस के 11, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के नौ-नौ, जर्मनी के आठ, दक्षिण अफ्रीका के छह, फ्रांस के चार, हंगरी, बेल्जियम और कजाकिस्तान के दो-दो तथा बेलारूस का एक नागरिक भी लापता है।
नेपाल में 26 अगस्त को आई थी बाढ़ – संबंधित प्रशासन ने विदेशी नागरिकों से सूची में किसी भी पूछताछ या सुधार के लिए अपनी संबंधित एजेंसी या वाणिज्य दूतावास (कांसुलेट) कार्यालय से संपर्क करने को कहा है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को अचानक आयी बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई थी। हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में बाढ़ का पानी निचले इलाकों की ओर तेजी से बढ़ा। इस दौरान बाढ़ नदी का पानी मकानों, वाहनों, सड़कों और पुलों को बहा ले गया। बाढ़ से जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा।