Tuesday , August 4 2026 4:38 AM
Home / News / गद्दाफी का बेटा 6 साल बाद कैद से आजाद

गद्दाफी का बेटा 6 साल बाद कैद से आजाद


त्रिपोलीः लीबिया के पूर्व तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी के बेटे सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी को मिलीशिया ग्रुप ने 6 साल तक कैद रखने के बाद आजाद कर दिया है। सैफ की रिहाई जिंतान शहर में हुई। मिलीशिया की ओर से जारी बयान में अबू बकर अल-सिद्दीक ने कहा है कि सैफ को शुक्रवार को जिंतान में रिहा किया गया, जहां पर वह नवंबर 2011 से कैद में था। उसने जिंतान शहर को छोड़ दिया है। पिता मुअम्मर गद्दाफी को अक्तूबर में सिरते शहर में मारे जाने के एक महीने बाद सैफ को पकड़ा गया था।

कुछ घंटों बाद लीबिया के ऑनलाइन अखबार लीबियन एक्सप्रैस की सूचना के मुताबिक सैफ पूर्वी शहर अल-बायदा पहुंच गए। वह इस समय अपने चाचा और अन्य रिश्तेदारों के साथ हैं। जल्द ही वह लीबिया के लोगों से अपनी बात कहेंगे। सैफ के खिलाफ इंटरनैशनल क्रिमिनल कोर्ट ने गिरफ्तारी आदेश जारी कर रखा है। कोर्ट ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराध का आरोपी बनाया है।

सैफ पर 2011 से पूर्व लीबियाई नागरिकों की हत्या और उनके उत्पीड़न का आरोप है। इसी तरह के अपराधों पर सुनवाई करके त्रिपोली की एक अदालत ने सन 2015 में सैफ को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। सुनवाई में खामियों के चलते अदालत के फैसले पर सवाल उठाए गए थे। सैफ को कैद किये मलीशिया ने भी उन्हें लीबियाई अधिकारियों या किसी अंतर्राष्ट्रीय संस्था को सौंपने से इंकार कर दिया था।

सन 2011 में विद्रोहियों ने कर्नल मुअम्मर गद्दाफी के शासन के खिलाफ बगावत करके उनका तख्तापलट दिया था और उसके बाद भागते हुए गद्दाफी को पकड़कर उनकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से लीबिया अशांत है। वहां पर अलग-अलग इलाकों में अलग सशस्त्र समूहों का कब्जा है। दो बड़े भूभागों पर अलग-अलग समूहों का कब्जा है। इनमें से एक की राजधानी त्रिपोली है जबकि दूसरा समूह अपना कामकाज पूर्वी तटवर्ती शहर तोबरुक से नियंत्रित करता है