
वाशिंगटनः अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर उन्हें परिवारवाद की शिकायतें नहीं मिलें तो उनकी बेटी इवांका संयुक्त राष्ट्र में देश के राजदूत के तौर पर प्रभावशाली साबित होंगी। ट्रंप ने मंगलवार को वाइट हाउस में इवांका की योग्यता की तारीफ करते हुए यह बात कही। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि ऐसा हुआ तो आलोचक उन्हें जरूर निशाना बनाएंगे।
ट्रंप ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में कहा कि इवांका प्रभावशाली साबित होंगी। इसका भाई-भतीजावाद से कुछ लेना देना नहीं है लेकिन आप जानते हैं कि तब मुझ पर भाई-भतीजावाद के आरोप लगेंगे। इससे कुछ घंटों पहले ट्रंप ने अचानक राजदूत निक्की हेली के इस्तीफे की घोषणा की। हेली इस साल के अंत तक पद से इस्तीफा देंगी। इस कदम ने सबको हैरान कर दिया है।
ट्रंप ने इवांका को नियुक्त करने की संभावना को खारिज नहीं करते हुए संवाददाताओं से कहा कि हम कई लोगों के नामों पर विचार कर रहे हैं। गौरतलब है कि इवांका और उनके पति जारेड कुश्नर व्हाइट हाउस में शीर्ष स्तर पर अवैतनिक सलाहकार के रूप में काम करते हैं। अन्य कामों के अलावा कुश्नर को पश्चिम एशिया में शांति योजना तैयार करने का जिम्मा5 भी सौंपा गया है।
हेली की जगह लेने के लिए ट्रंप ने पांच नाम छांटे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत के तौर पर भारतीय-अमेरिकी निक्की हेली की जगह लेने के लिए उनके दिमाग में पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डिना पॉवेल समेत पांच लोगों के नाम हैं। 46 वर्षीय हेली ने मंगलवार को घोषणा की कि वह 2018 के अंत में संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत के अपने पद से इस्तीफा दे देंगी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website