
टोक्योः अमेरिकी नौसेना का एक लड़ाकू जेट विमान जापान के दक्षिणी ओकिनावा द्वीप पर क्रैश हो गया। इसके चालक दल के 2 सदस्यों को जीवित बचा लिया गया। जापान के रक्षा मंत्रालय के ओकिनावा रक्षा ब्यूरो के प्रवक्ता ओसामू कोसाकाई ने बताया कि लड़ाकू जेट विमान रात करीब पौने 12 बजे (अंतर्राष्ट्रीय समयानुसार रात 2 बजकर 45 मिनट पर) ओकिनावा की राजधानी नाहा से करीब 250 किलोमीटर (156 मील) पूर्व-दक्षिणपूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी सैन्य हेलिकॉप्टर के जरिए इसके चालक दल के दो सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना ‘‘जानलेवा’’ नहीं थी। उन्होंने बताया कि ‘‘इंजन में खराबी आने के चलते’’ ये विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। जापान के तटरक्षक बल के प्रवक्ता ने एएफपी को बताया, ‘‘समुद्र में किसी तरह के मलबे या पानी में तेल के रिसाव का पता लगाने के लिये तटरक्षक बल ने समुद्र की ओर एक विमान भेजा।’’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website