
कजाखस्तान। रूस के सोयूज अंतरिक्षयान ने सोमवार को तीन यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आइएसएस) के लिए सफल उड़ान भरी। अक्टूबर में लॉन्च फेल होने के बाद से इस अभियान पर सभी की निगाह बनी हुई थी। रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रॉसकॉसमॉस ने कजाखस्तान के बैकनर कोस्मोड्रोम से भारतीय समयानुसार शाम 5ः01 मिनट पर अंतरिक्षयान को रवाना किया।
रॉकेट में सवार अंतरिक्ष यात्रियों में रूस के ओलेग कोनोनेंको, नासा की एन मैकक्लेन और कनाडा के डेविड सेंट जैकस शामिल हैं। रूसी अंतरिक्ष एजेंसी ने लॉन्च के कुछ मिनट बाद अभियान के सफल होने का एलान कर दिया। नासा के एडमिनिस्ट्रेटर जिम ब्रिडेंस्टाइन ने भी ट्वीट कर सफल लॉन्चिंग की जानकारी दी और अभियान में शामिल लोगों को धन्यवाद दिया।
इससे पहले 11 अक्टूबर को दो अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर रवाना हुए रूसी रॉकेट की लॉन्चिंग विफल हो गई थी। यान में रूस के एलेक्सी ओवचिनिन और अमेरिका के निक हेग सवार थे। लॉन्चिंग विफल होने के कारण दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। अंतरिक्ष यात्री सकुशल वापस आ गए थे, लेकिन इस विफलता के कारण सोयूज अभियान पर सवालिया निशान लगने लगे थे।
सोवियत संघ के विघटन के बाद से पहली बार अभियान विफल हुआ था। सोयूज अभियान की सफलता पर इसलिए भी निगाह टिकी थी क्योंकि आइएसएस तक आने-जाने के लिए इस समय यह इकलौता माध्यम है। अमेरिका ने अपने स्पेस शटल को 2011 में रिटायर कर दिया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website