Wednesday , March 4 2026 6:11 AM
Home / Sports / विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अमेरिका का रहा वर्चस्व

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अमेरिका का रहा वर्चस्व

पिछले दस दिनों से अमेरिका के यूजीन शहर में चल रही 18वीं विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेजबान देश का दबदबा दिखाई दिया। 15 जुलाई से 25 जुलाई तक चली चैंपियनशिप के दौरान 180 देशों के कुल 1700 से अधिक एथलीटों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पिछले वर्ष टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले अधिकांश एथलीटों ने इस विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और इसीलिए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप को पूरे खेल जगत में काफी गंभीरता से लिया जाता है और इसे मिनी ओलंपिक्स की संज्ञा भी दी गई है। इस पूरी चैंपियनशिप में 49 स्वर्ण,  49 रजत और 49 कांस्य मिलाकर कुल 147 पदक दांव पर थे। जिसमें 13 स्वर्ण,9 रजत और 11 कांस्य सहित कुल 33 पदकों के साथ अमेरिका पदक तालिका में पहले पायदान पर रहा। इथियोपिया 4 स्वर्ण सहित 10 के साथ दूसरे और जमैका 2 स्वर्ण के साथ  कुल 10 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

इस बार की विश्व चैंपियनशिप में कुल तीन विश्व रिकार्ड भी टूटे और 10 नए चैंपियनशिप रिकार्ड रचे गए। इसमें महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स में अमेरिका की सिडनी मैक्लॉग्लिन ने एक बार फिर अपने एक महीने पुराना विश्व रिकार्ड खुद ही ध्वस्त कर दिया। उन्होंने 50.68 सैकंड में रेस पूरी की। माना जा रहा है कि सिडनी ऐसे अब महिलाओं के 400 मीटर रेस में उतरकर वो रिकार्ड भी तोड़ सकती हैं। वहीं महिलाओं का 100 मीटर हर्डल्स का रिकार्ड नाइजीरिया की टोबी अमुसान ने सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार एक ही दिन में दो घंटे के अंतराल पर दो बार विश्व रिकार्ड तोड़ा। पहली बार 12.12 सैकंड का समय लिया और फाइनल में 12.06 सैकंड का समय लिया लेकिन हवा की रुख साथ में होने की वजह से उनका 12.12 का मान्य रखा गया। वहीं स्वीडन के अर्मों डुप्लेंटिस ने पुरुषों के पोल वॉल्ट में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया उन्होंने 6.21 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए ये विश्व किर्तीमान रचा।

अमेरिका द्वारा जीते गए स्वर्ण पदकों की बात करें तो पुरुषों 100 मीटर फर्राटा रेस में फ्रेड कर्ली ने 9.86 सैकंड में रेस पूरी करते हुए वर्ल्ड चैंपियन का खिताब जीता। वहीं पुरुषों की 200 मीटर रेस में नोआल लायल्स ने 19.31 के बेहतरीन समय के साथ रेस जीती। दोनों ही रेसों में अमेरिका ने तीनों मैडल जीते। महिलाओं में 100 मीटर रेस में जमैका की शैली एन्न फ्रेज़र प्राइस ने 10.67 सैकंड में जीती तो 200 मीटर रेस में जमैका की ही शेरिका जैक्सन ने बाजी मारी। पुरुषों की 400 मीटर रेस माइकल नॉर्मेन ने जीती तो 110 मीटर हर्डल्स में ग्रांट होलोवे ने बाजी मारी। महिलाओं और पुरुषों की 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस भी अमेरिका के नाम ही रही। पुरुषों की फील्ड ईवेंट में शॉट पुट रेयान क्रूज़र के नाम रहा। जबकि महिलाओं की 800 मीटर रेस में एक बार फिर एथिंग मू ने ओलंपिक जैसा ही प्रदर्शन किया और स्वर्ण जीता। महिलाओं की 4 गुणा 100 मीटर रेस में स्वर्ण पदक अमेरिका के नाम ही रहा। जबकि पोल वाल्ट में कैटी नाग्योट ने सबसे ऊंची छलांग लगाई।महिलाओं की शाटपुट  चेस इली और हैमर थ्रो  ब्रूक एंडरसन के नाम रही। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की टीम ट्रॉफी टीम यूएसए के नाम रही क्योंकि उन्होंने सबसे ज्यादा 33 पदक जीते जो कि अब तक की सभी विश्व चैंपियनशिप में किसी भी देश के द्वारा जीते गए सबसे ज्यादा पदक रहे।

इस चैंपियनशिप की विविधता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 49 स्वर्ण पदकों में से किसी भी एक देश के खाते में अधिकांश पदक नहीं गए। बल्कि पूरे विश्व के 27 अलग-अलग देशों ने कम से कम एक स्वर्ण पदक जीता जिसमें पेरू, डोमिनिकन रिपब्लिक, ग्रेनाडा नाईजीरिया, बहामास, मोरक्को और स्लोवेनिया जैसे देश भी शामिल रहे। और कुल 46 देशों के नाम कम से कम एक पदक रहा।

वहीं एशियाई देशों में चीन, भारत, जापान, कोरिया, कतर, कज़ाकिस्तान, इस्त्राइल और फिलिपिन्स जैसे देशों ने पदक तालिका में अपनी उपस्थिति कराई। कुल 147 पदकों में से एशियाई देशों ने कुल मिलाकर 16 पदक रहे।

भारत की ओर से नीरज चोपड़ा ने रजत पदक जीतते हुए विश्व चैंपियनशिप में 19 साल का पदकों का सूखा खत्म किया। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आखिरी बार भारत की लांग जंपर अंजू बॉबी जॉर्ज ने भारत को कांस्य पदक जिताया था। इसके अलावा भारत के कई एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने में भी कामयाबी हासिल की। इसमें महिलाओं के जेवेलिन थ्रो में अन्नू रानी, पुरुषों के जेवलिन थ्रो में रोहित यादव, पुरुषों की ट्रिपल जंप में एल्डोस पॉल, पुरुषों की लांग जंप में मुरली श्रीशंकर, पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपल चेज़ में अविनाश साबले शामिल रहे। वहीं पुरुषों की 20 किलोमीटर वॉक में संदीप कुमार, औऱ महिलाओं की 20 किलोमीटर वॉक में प्रियंका गोस्वामी ने भी उल्लेखनीय हिस्सेदारी की।

अगली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप हंगरी की राजधानी बूडापेस्ट में अगले वर्ष 2023 में 18 से 27 अगस्त के बीच आयोजित की जाएगी।