
चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग को लेकर दुनियाभर से भारत को बधाई संदेश मिल रहे हैं। इसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का एक मेसेज भी शामिल है, जिसे उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजा है। अपने संदेश में पुतिन ने लिखा कि कृपया मेरी बधाई स्वीकार करें। इस मिशन की सफलता भारत के प्रगति का प्रतीक है। राष्ट्रपति पुतिन ने यह संदेश तब भेजा है, जब तीन दिन पहले ही रूसी लूना-25 उसी जगह उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जहां भारत के चंद्रयान ने सफल लैंडिंग की है। रूस ने लूना-25 मिशन पर 1659 करोड़ रुपये खर्च किए थे, जबकि भारत ने अपने चंद्रयान-3 को लेकर सिर्फ 615 करोड़ का बजट रखा था।
पुतिन ने बधाई संदेश में क्या लिखा – पुतिन ने भारत को भेजे अपने बधाई संदेश में लिखा कि कृपया, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सफल लैंडिंग के अवसर पर मेरी हार्दिक बधाई स्वीकार करें। यह अंतरिक्ष अन्वेषण में एक बड़ा कदम है और निश्चित रूप से विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत द्वारा की गई प्रभावशाली प्रगति का प्रमाण है। कृपया भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के नेतृत्व और कर्मचारियों को नई उपलब्धियों के लिए मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दें। इस संदेश को पुतिन के हवाले से क्रेमलिन ने जारी किया है।
रूस का मून मिशन हुआ फेल – भारत की तरह रूस भी चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर साफ्ट लैंडिंग करना चाहता था। इसके लिए रूस ने 47 साल बाद चांद को लेकर एक नया मिशन लूना-25 को लॉन्च किया था। इस अंतरिक्ष यान को चंद्रमा के सतह पर 21 अगस्त को उतरना था। चांद के सबसे नजदीकी कक्ष तक रूस का लूना मिशन सही से काम कर रहा था। जब इसे लैंडिंग के लिए तैयार किया जा रहा था, तभी कुछ तकनीकी खराबी आ गई और लूना-25 से रूस का संपर्क टूट गया। इसके कुछ घंटों बाद रूस ने लूना-25 के चंद्रमा के सतह पर क्रैश होने का ऐलान कर दिया।
Home / News / बधाई स्वीकार करें… चंद्रयान-3 की लैंडिंग पर पुतिन ने भेजा संदेश, बोले- यह भारत की प्रगति का प्रमाण
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website