Friday , June 19 2026 4:39 PM
Home / Sports / 14 साल खेला क्रिकेट, फिर अचानक ले लिया ब्रेक, अब 39 साल की उम्र में पाकिस्तानी क्रिकेटर ने किया वापसी का ऐलान

14 साल खेला क्रिकेट, फिर अचानक ले लिया ब्रेक, अब 39 साल की उम्र में पाकिस्तानी क्रिकेटर ने किया वापसी का ऐलान


पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान निदा डार ने क्रिकेट से अनिश्चितकालीन विराम लेने के बाद पेशेवर क्रिकेट में वापसी की है। निदा ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए अपनी वापसी की घोषणा की है। वहीं इस खिलाड़ी ने कहा है कि अब वह टीम में वापसी करने के लिए एक बार फिर से उपलब्ध हैं। निदा डार ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।
वापसी के लिए तैयार निदा डार – पाकिस्तान के लिए 272 मैच खेल चुकीं बॉलिंग ऑलराउंडर निदा डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘खुद पर ध्यान देने और अपनी ताकत वापस पाने के लिए समय निकालने के बाद मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं वापस आ गई हूं और एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए उपलब्ध हूं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने, कड़ी मेहनत करने और जब भी टीम को मेरी जरूरत हो योगदान देने के लिए तैयार हूं। इस सफर में मेरा साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।’
पाकिस्तान के लिए खूब क्रिकेट खेला – निदा डार आखिरी बार यूएई में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की तरफ से खेली थीं जिसके बाद उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से हटा दिया गया था। निदा डार ने 6 मई 2010 को श्रीलंका के खिलाफ टी20 मैच के साथ अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी जिसके बाद 6 अक्टूबर 2010 को आयरलैंड के विरुद्ध मैच के साथ अपना वनडे करियर शुरू किया।
वनडे में भी खेले 100 से ज्यादा मैच – पाकिस्तान की तरफ से 112 वनडे मैच खेल चुकीं निदा डार ने 108 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा, बल्ले से 11 अर्धशतक के साथ 1,690 रन जोड़े हैं। टी20 फॉर्मेट में उन्होंने पाकिस्तान के लिए 144 विकेट निकाले, जबकि बल्लेबाज के तौर पर 7 अर्धशतकों के साथ 2091 रन बनाए। निदा डार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली महिला गेंदबाज हैं। वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली तीसरी पाकिस्तानी महिला हैं। इस फॉर्मेट में निदा से आगे सना मीर (151) और नाशरा संधू (117) हैं। निदा के पिता ख्वाजा राशिद हसन भी एक क्रिकेटर रहे हैं जिन्होंने अपने करियर में 8 फर्स्ट क्लास के अलावा, 9 लिस्ट-ए मैच खेले।