
मेजर लीग क्रिकेट में वॉशिंगटन फ्रीडम की ओर से खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिचेल ओवन ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कोहराम मचा दिया है। ओवन ने एमआई न्यूयॉर्क के खिलाफ महज 68 गेंदों पर 155 रनों की अविश्वसनीय पारी खेलकर एमएलसी इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक पारी के साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड के फिन एलन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
11 चौके और 13 छक्कों की पारी – अपनी इस आतिशी पारी के दौरान मिचेल ओवन ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 13 गगनचुंबी छक्के जड़े जिसके चलते उनका स्ट्राइक रेट 227.94 का रहा। हालांकि, ओवन 17वें ओवर में आउट हो गए लेकिन जिस अंदाज में वह खेल रहे थे उनके पास टी20 क्रिकेट इतिहास का पहला दोहरा शतक ठोकने का एक सुनहरा मौका था।
क्रिस गेल की पारी आ गई याद – ओवन की इस विध्वंसक पारी ने फैंस को क्रिस गेल की उस ऐतिहासिक पारी की याद दिला दी जो उन्होंने आईपीएल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ खेली थी। उस मुकाबले में गेल ने नाबाद 175 रनों की विश्व रिकॉर्ड पारी खेली थी। ओवन जिस गति से रन बना रहे थे वे न सिर्फ टी20 में डबल सेंचुरी लगाने के करीब थे बल्कि क्रिस गेल के इस सबसे बड़े आईपीएल स्कोर (175 रन) का रिकॉर्ड तोड़ने से भी बाल-बाल चूक गए।
आईपीएल में नहीं दिया था मौका – इस धमाकेदार पारी के बाद सोशल मीडिया पर पंजाब किंग्स और उनके कोच रिकी पोंटिंग को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। दरअसल, आईपीएल के पूरे सीजन में पंजाब किंग्स के डगआउट में मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने मिचेल ओवन को बेंच पर ही बिठाए रखा था और उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं दिया था।
Home / Sports / 11 चौके 13 छक्के, 68 गेंद पर 155 रन, बाल-बाल बचा क्रिस गेल के 175 रन का रिकॉर्ड, टी20 में डबल सेंचुरी ठोक देता ये बल्लेबाज!
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website