Friday , November 6 2026 8:47 AM
Home / News / सऊदी अरब में भारतीयों के लिए एडवाइजरी, रियाद एयरपोर्ट हमले में भारतीय की मौत के बाद दूतावास ने उठाया कदम

सऊदी अरब में भारतीयों के लिए एडवाइजरी, रियाद एयरपोर्ट हमले में भारतीय की मौत के बाद दूतावास ने उठाया कदम


सऊदी अरब में हूती हमले में एक भारतीय की मौत के बाद रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में भारतीयों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही उन्हें हालात को देखते हुए सतर्क और सावधान रहने को कहा गया है। यह एडवाइजरी तब जारी की गई है, जब रियाद के एयरपोर्ट पर शनिवार हुए मिसाइल हमले में घायल एक भारतीय की रविवार को मौत हो गई। इस हमले में 11 भारतीय घायल हैं।
घरों के अंदर रहने की सलाह – एडवाइजरी में कहा गया है कि “मौजूदा हालात को देखते हुए सऊदी अरब में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क और सावधान रहें, जरूरत के अनुसार घर के अंदर ही रहें और स्थानीय अधिकारियों के आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें।”
रियाद एयरपोर्ट पर हूती हमला – एडवाइजरी ऐसे समय में आई है, जब हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर हमले तेज कर दिए हैं। शनिवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हूतियों ने मिसाइल से हमला किया था। इस हमले में उसी दिन 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 309 लोग घायल हुए थे। हमले में घायल एक भारतीय शख्स की रविवार को मौत हो गई। मरने वाले अन्य लोगों में 4 सऊदी नागरिक, 2 बांग्लादेशी के साथ ही अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, फिलिस्तीन, सीरिया और सूडान के एक-एक नागरिक थे।
भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और शव को घर भेजने में उनकी मदद करेंगे। भारतीय दूतावास ने X पर लिखा, पता चला है कि रियाद हमले मं घायल एक भारतीय नागरिक की आज दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई है। हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम परिवार के संपर्क में हैं और शव को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए हर संभव मदद करेंगे।