
सिडनीः ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने संसद में कहा कि वह देश की तरफ से बाल यौन शोषण के शिकार हजारों पीड़ितों से माफी मांगते हैं। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि हम अपने बच्चों को इस भयावह अपराध से बचाने में असफल रहे।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय संस्थानों में बच्चों के साथ यौन शोषण के मामलों की जांच के बाद रॉयल कमीशन ने पिछले साल दिसंबर में अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें इन पीड़ितों को राहत राशि दिए जाने का भी जिक्र था। कमीशन ने इस घटना को राष्ट्रीय त्रासदी करार दिया था। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऐसा अपराध है जो ऑस्ट्रेलिया के बच्चों के साथ ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने ही किया।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चों के साथ जो भयानक घटना हुई, उसे फिर से कभी भी ठीक नहीं किया जा सकता। रॉयल कमीशन की रिपोर्ट आने के बाद भी ऐसे कई परिवार हैं, जो अब तक खुलकर अपनी पीड़ा नहीं बता सके। हम आज इस हॉल में इस देश के बच्चों के लिए सिर्फ जन प्रतिनिधि बनकर नहीं आए हैं। हम यहां बतौर पिता, मां, अभिभावक के तौर पर अपने बच्चों से माफी मांगने आए हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website