
एनएचएआई (NHAI) ने दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के 26.5 किमी लंबे एलिवेटेड सेक्शन पर दोपहिया, तिपहिया, ट्रैक्टर और अन्य धीमी गति वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध गीता कॉलोनी से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) जंक्शन तक लागू रहेगा। इस फैसले के पीछे मुख्य वजह सुरक्षा को बताया गया है। आधिकारिक उद्घाटन से पहले ही इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर कुछ दुर्घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें दोपहिया वाहन भी शामिल थे। ऐसे में NHAI ने संभावित जोखिम को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 210 किमी लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। यह कॉरिडोर दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर देहरादून तक जाएगा। NHAI के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे का पहला पैकेज लक्ष्मी नगर, गीता कॉलोनी, बिहारीपुर, अंकुर विहार, ट्रोनिका सिटी और मंडोला होते हुए बागपत (उत्तर प्रदेश) के EPE क्रॉसिंग तक फैला है। इसे 6 लेन के एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे के रूप में विकसित किया गया है, जहां केवल तेज गति वाले वाहनों को अनुमति होगी।
अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि आम यात्रियों के लिए सर्विस रोड और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं, ताकि धीमी गति वाले वाहन भी बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सकें। यह 26 किमी का एलिवेटेड सेक्शन गीता कॉलोनी से शुरू होकर शास्त्री पार्क, न्यू उस्मानपुर, खजूरी चौक, लोनी बॉर्डर और मंडोला होते हुए आगे बढ़ता है।
सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे कॉरिडोर पर कैमरे लगाए गए हैं, जो नियमों के उल्लंघन की निगरानी करेंगे। NHAI ने राष्ट्रीय राजमार्ग (भूमि और यातायात नियंत्रण) अधिनियम की धारा-35 के तहत यह प्रतिबंध लागू किया है, जिससे पुलिस विभाग उल्लंघन करने वालों को ई-नोटिस जारी कर सकेगा।
Home / Uncategorized / दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गीता कॉलोनी-EPE एलिवेटेड सेक्शन पर दो पहिया वाहनों पर लगाई रोक
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website