Saturday , September 19 2026 10:21 AM
Home / News / अरबपति के ट्वीट को 4.43 लाख से अधिक बार किया रीट्वीट, टूट गया वर्ल्ड रिकार्ड

अरबपति के ट्वीट को 4.43 लाख से अधिक बार किया रीट्वीट, टूट गया वर्ल्ड रिकार्ड


हमेशा सुर्खियों में रहने वाला जापानी अरबपति युसाकू माइजावा एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह बना है उनका एक ट्वीट जिसे सबसे ज्यादा बार रीट्वीट करने का विश्व रिकार्ड टूट गया । उनके ट्वीट को खबर लिखे जाने तक 4,430,882 रीट्वीट मिले हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड 37 लाख रीट्वीट का था। नए साल 2019 की शुरूआत में लगभग 6.5 अरब रुपए की लालच में इस ट्वीट के रीट्वीट का नया रिकॉर्ड बन गया है।
दरअसल जापान के अरबपति युसाकु मेजावा ने घोषणा की थी कि उनकी ट्वीट को रीट्वीट करने वाले 100 लक्की लोगों को वह 100 मिलियन येन का ईनाम देंगे। इसके बाद जापान के दूसरे सबसे बड़े ऑनलाइन शॉपिंग साइट जोजो इंक के संस्थापक की पोस्ट को साझा करने वालों की बाढ़ आ गई। रेंडमली चुने जाने वाले 100 भाग्यशाली लोगों में शामिल होने के लिए लोगों ने उनके ट्वीट को 4,430,882 बार रीट्वीट किया। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसके साथ ही लोगों ने उनकी पोस्ट को 8 लाख से अधिक “लाइक” दिए। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमेरिका के एक कॉलेज के छात्र के नाम पर था। उसका लक्ष्य वेंडी के फास्ट-फूड फ्रैंचाइजी से एक साल तक चिकन नगेट्स की फ्री सप्लाई हासिल करना था। उस पोस्ट को 35 लाख 80 हजार बार रीट्वीट किया गया था और 9 लाख 90 हजार लाइक्स मिले थे।
एलेन डीजेनरेस की साल 2014 की ऑस्कर सेल्फी दूसरे नंबर पर थी, जिसे 33 लाख बार रीट्वीट किया गया था। इसमें वह मेरिल स्ट्रीप, जूलिया रॉबर्ट्स, ब्रैड पिट और एंजेलीना जोली के साथ दिख रहे थे।बताते चलें कि युसाकू ने 5 जनवरी को लिखा था कि लक्की विजेता बनने के लिए आपको मुझे फॉलो करना होगा इस ट्वीट को रीट्वीट करना होगा। इस ट्वीट में एक व्यक्ति रॉकेट के ऊपर बैठ दिख रहा था, जिसकी पृष्ठभूमि में पूरा चंद्रमा दिख रहा था। यूसाकू ने यह भी लिखा था कि उनकी शॉपिंग साइट जोजोटाउन ने न्यू ईयर की सेल में 10 अरब की बिक्री की। इस बिजनेस से युसाकू ने 1.7 अरब डॉलर की नेटवर्थ खड़ी की है। टोक्यो में जोजो के शेयर में 6.9 फीसद की उछाल देखी गई है।

चांद पर जाने वाले पहले पर्यटक होंगे युसाकू
युसाकू माइजावा दुनिया के पहले ऐसे पर्यटक होंगे, जो चांद की सैर पर जाएंगे। वह स्‍पेसएक्‍स के रॉकेट के जरिए चांद का चक्‍कर लगाएंगे। उन्‍हें चांद पर भेजने वाली परियोजना के बारे में स्‍पेसएक्‍स के सीईओ एलन मस्‍क ऐलान कर चुके हैं। युसाकू जापान के 18वें सबसे अमीर व्‍यक्ति हैं और फोर्ब्‍स मैगजीन के मुताबिक उनके पास तीन बिलियन डॉलर की संपत्ति है। मस्‍क ने पहले इस ट्रिप और इस पर जा रहे यात्री के बारे में कुछ नहीं बताया था। उन्‍होंने हालांकि कुछ छोटी जानकारियां दी थीं लेकिन कई अहम सवालों को वह नजरअंदाज कर गए थे।