
अमेरिका के टेनेसी में एक कुत्ते को लेकर हुई बहस के बाद गोलियां चलने से आठ लोग घायल हो गए। नेशविल पुलिस ने बताया कि वह इस मामले में दो संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही है। मेट्रोपॉलिटन नेशविल पुलिस विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलने पर रविवार देर रात एक बजे के बाद नेशविल पुलिस मौके पर पहुंची।
घायलों में से किसी की जान को कोई खतरा नहीं है। बयान में कहा गया कि दो संदिग्ध बहस कर रहे थे और उनमें से एक के पास कुत्ता था। जिस शख्स के पास कुत्ता था, उसने बंदूक (हैंडगन) निकाल ली और फिर दूसरा संदिग्ध वहां से चला गया, लेकिन वह थोड़ी देर बाद एक बंदूक और कुछ अन्य लोगों को लेकर वापस आया। इसके बाद दोनों ओर से गोलियां चलीं। पुलिस ने बताया कि उन्हें मौके से एक बंदूक (हैंडगन) बरामद हुई है और मामले की जांच जारी है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website