Saturday , June 20 2026 7:00 PM
Home / Sports / फेक कमेंट के झांसे में आईं क्रिस्टियानो रोनाल्डो की मंगेतर, पुर्तगाल के ही खिलाड़ी की गर्लफ्रेंड से भिड़ गईं, कैसे हुआ इतना बड़ा बवाल?

फेक कमेंट के झांसे में आईं क्रिस्टियानो रोनाल्डो की मंगेतर, पुर्तगाल के ही खिलाड़ी की गर्लफ्रेंड से भिड़ गईं, कैसे हुआ इतना बड़ा बवाल?


पुर्तगाल फुटबॉल टीम के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और युवा मिडफील्डर जोआओ नेवेस के बीच मैदान पर शुरू हुआ विवाद अब उनके परिवारों तक पहुंच गया है। हाल ही में डीआर कांगो के खिलाफ पुर्तगाल के 1-1 से ड्रॉ रहे मैच के बाद नेवेस ने रोनाल्डो के प्रदर्शन को लेकर एक बयान दिया था, जिसकी फैंस और विशेषज्ञों ने कड़ी आलोचना की थी। इस विवाद के बीच, रोनाल्डो की मंगेतर जॉर्जिना रोड्रिगेज ने नेवेस की गर्लफ्रेंड मडालेना अरागाओ के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर कड़ा तंज कसा है जिसने इस विवाद की आग में घी डालने का काम किया है।
एक फेक अकाउंट के चलते हुआ विवाद – दरअसल, कांगो के खिलाफ खराब खेल के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर नेवेस को निशाना बनाया और उन पर रोनाल्डो का सम्मान न करने का आरोप लगाया। इसी दौरान एक फैन ने मडालेना की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘अपने बॉयफ्रेंड से कहो कि हमारे गोट को पास दिया करे।’ इस पर मडालेना के नाम से बने एक फेक अकाउंट से रोनाल्डो के संन्यास को लेकर एक विवादित टिप्पणी की गई। हालांकि यह कमेंट नकली प्रोफाइल से था लेकिन जॉर्जिना इसे सच मान बैठीं और उन्होंने हंसने वाले इमोजी के साथ लिखा, ‘वाह, आज की जनरेशन सच में बहुत मजबूत हो रही है।’
भड़के हुए हैं रोनाल्डो के फैंस – इस विवाद के बाद मडालेना अरागाओ के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर रोनाल्डो के फैंस लगातार भद्दे कमेंट्स और नफरत भरे संदेश भेज रहे हैं। पीएसजी के स्टार मिडफील्डर नेवेस अपनी गर्लफ्रेंड के समर्थन में खड़े नजर आए हैं लेकिन जॉर्जिना के इस कमेंट ने सोशल मीडिया पर इस पारिवारिक जंग को और बढ़ा दिया है। बात सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है, टीम के एक और सीनियर खिलाड़ी ब्रूनो फर्नांडीस को भी फैंस के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है और खबरें हैं कि रोनाल्डो की बड़ी बहन ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के कप्तान ब्रूनो की आलोचना करने वाले एक पोस्ट को लाइक भी किया है।
अगले मैच में चाहिए जीत – मैदान के बाहर चल रहे इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बीच पुर्तगाली टीम पर अब आगामी मैचों का भारी दबाव है। नॉकआउट चरण में सुरक्षित रूप से जगह बनाने के लिए पुर्तगाल को 23 जून को उज्बेकिस्तान के खिलाफ होने वाले अपने अगले ग्रुप मैच में हर हाल में शानदार वापसी करनी होगी। इसके बाद पहले दौर के अपने आखिरी बड़े मुकाबले में उनका सामना कोलंबिया जैसी मजबूत टीम से होना है।