Monday , June 29 2026 6:09 PM
Home / Sports / वेनेजुएला का विनाशकारी भूकंप! इस खिलाड़ी ने खो दी अपनी पत्नी, सोशल मीडिया पर लिखा दिल चीरने वाला पोस्ट

वेनेजुएला का विनाशकारी भूकंप! इस खिलाड़ी ने खो दी अपनी पत्नी, सोशल मीडिया पर लिखा दिल चीरने वाला पोस्ट


वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप में पूर्व रेड सोक्स बेसबॉल खिलाड़ी गोर्किस हर्नांडेज की पत्नी डेजी तोवर डी हर्नांडेज की दुखद मृत्यु हो गई है। साल 2019 में रेड सोक्स के लिए 20 मैच खेलने वाले गोर्किस हर्नांडेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा कर इस दर्दनाक खबर की पुष्टि की। इस संदेश में उन्होंने अपनी पत्नी के जाने के गम को बयां किया।
इंस्टाग्राम पर लिखा भावुक पोस्ट- अपनी दिवंगत पत्नी को याद करते हुए गोर्किस हर्नांडेज ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘तुम वो थीं जिसने मुश्किल समय में हमेशा मुझे आगे बढ़ने का हौसला दिया। तुम मेरे जीवन की सबसे खूबसूरत महिला थीं और हमेशा रहोगी। हर घंटे, हर पल तुम मेरे साथ रहोगी। ऊंचा उड़ो मेरी राजकुमारी, मेरी रानी; भगवान तुम्हें अपने चरणों में स्थान दें। मुझे और हमारे परिवार को संभालने के लिए मेरा मार्गदर्शन करना। रेस्ट इन पीस, मेरी बच्ची।’
वेनेजुएला में भारी भूकंप – रिपोर्ट्स के अनुसार, वेनेजुएला की बेसबॉल टीम ‘ला गुएरा डेल्फिनस’ के अन्य सदस्यों और परिवारों के साथ डेजी तोवर भी होटल एडुआर्ड्स में ठहरी हुई थीं। इसी दौरान 24 जून को वेनेजुएला में एक के बाद एक 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भीषण भूकंप आए जिसकी चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ और डेजी ने अपनी जान गंवा दी।
टीम ने भी जताया दुख – इस दुखद घटना के बाद वूस्टर रेड सोक्स ने शनिवार रात को एक आधिकारिक बयान जारी कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘पूर्व पॉसोक्स (2018) और रेड सोक्स खिलाड़ी (2019) गोर्किस हर्नांडेज की पत्नी डेजी तोवर डी हर्नांडेज के निधन की खबर सुनकर हमारा दिल टूट गया है। हमारी संवेदनाएं गोर्किस उनके परिवार और उन सभी लोगों के साथ हैं जो डेजी को जानते थे और उनसे प्यार करते थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’
अपनी पोस्ट के अंत में भावुक गोर्किस ने खुद को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेते हुए आगे लिखा कि डेजी ही उनकी योद्धा थीं, जिन्होंने उन्हें जीवन की चुनौतियों से लड़ना सिखाया। उन्होंने अपनी पत्नी से वादा किया कि जो मिशन उन्होंने मिलकर तय किया था, वह उसे हर हाल में पूरा करेंगे और अपने परिवार को संभालेंगे।