
अमेरिका की राजनीति में भारतीय मूल के नेताओं की चर्चा तो अक्सर होती है, जिसमें लेकिन क्या आप जानते हैं कि वहां के कई बड़े राजनीतिक चेहरों के पार्टनर का रिश्ता भी भारत से जुड़ा है? इनमें कोई डॉक्टर है, कोई वकील तो कोई कॉर्पोरेट जगत में अपनी पहचान बना चुकी है। दिलचस्प बात यह है कि इन महिलाओं की जिंदगी राजनीति के बेहद करीब होने के बावजूद एक-दूसरे से काफी अलग है।
इन महिलाओं में से हर किसी का सफर अलग है। किसी ने अपनी पढ़ाई और पेशे से पहचान बनाई, तो किसी ने पति के राजनीतिक सफर में कदम से कदम मिलाकर साथ दिया। हालांकि, सभी को एक जैसी पहचान या सुर्खियां नहीं मिलीं। कुछ के चेहरे अमेरिकी राजनीति में खूब पहचाने जाते हैं, जबकि कुछ के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। तो आइए 5 तस्वीरों के साथ जानें इन 5 अमेरिकी राजनीति के नेताओं की भारतीय मूल की पत्नियों को..
प्रिया कृष्णमूर्ति: डॉक्टर हैं, राजनीति से रखती हैं दूरी – अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति की पत्नी प्रिया कृष्णमूर्ति पेशे से डॉक्टर हैं। उनके पति इलिनॉय से डेमोक्रेटिक सांसद हैं और अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं। इसके बावजूद प्रिया खुद राजनीतिक सुर्खियों से दूर रहना पसंद करती हैं। राजा कृष्णमूर्ति की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, वह अपने पति और तीन बच्चों के साथ शॉम्बर्ग, इलिनॉय में रहती हैं। सार्वजनिक जीवन में उनकी मौजूदगी भले ही कम दिखाई देती हो, लेकिन उनकी अपनी पेशेवर पहचान है। उन्होंने अपनी एक खास पहचान बनाई।
ऋतु आहूजा खन्ना: कैमरों से दूर, अपनी अलग पहचान – अमेरिकी सांसद रो खन्ना की पत्नी ऋतु आहूजा खन्ना भी भारतीय मूल की हैं। वह आमतौर पर अपने पति की तरह राजनीतिक मंचों और मीडिया की सुर्खियों में नजर नहीं आतीं। उपलब्ध जानकारी ेके अनुसार, ऋतु ने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और कोलंबिया यूनिवर्सिटी से स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की। वह पहले लग्जरी ब्रांड बुल्गारी में प्रोडक्ट मार्केटिंग स्पेशलिस्ट के तौर पर काम कर चुकी हैं। रो खन्ना और ऋतु के दो बच्चे हैं। उनकी कहानी उन महिलाओं की है, जो राजनीति के शोर से दूर रहते हुए अपनी अलग पेशेवर पहचान रखती हैं।
अपूर्वा रामास्वामी: डॉक्टर की नौकरी के साथ संभाला चुनाव प्रचार – विवेक रामास्वामी की पत्नी अपूर्वा रामास्वामी पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की और गले तथा आवाज से जुड़ी बीमारियों की एक्सपर्ट बनीं। विवेक के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान अपूर्वा भी उनके साथ चुनावी मैदान में नजर आईं। वह अस्पताल में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ वीकेंड पर प्रचार अभियान में हिस्सा लेती थीं। कई मौकों पर उन्होंने मंच से लोगों को संबोधित भी किया। राजनीति में पहले उनकी खास दिलचस्पी नहीं थी, लेकिन पति के चुनावी सफर ने उन्हें भी सार्वजनिक जीवन में पहचान दिलाई।
सारा जुकाकू: डॉक्टर हैं, लेकिन चुनावी मंच पर भी दिखाया दम – सारा जुकाकू की पहचान सिर्फ अमेरिकी नेता अब्दुल अल-सयैद की पत्नी के तौर पर नहीं है। वह पेशे से मनोचिकित्सक हैं और उनका परिवार कर्नाटक के भटकल से जुड़ा है। मिशिगन में पली-बढ़ीं सारा की मुलाकात अब्दुल से यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने 2006 में शादी की। 2026 के चुनाव प्रचार में सारा ने अपने पति का खुलकर साथ दिया और डेट्रॉयट की अंतिम चुनावी रैली में भाषण भी दिया था। अब्दुल अल-सयैद की सीनेट चुनाव में जीत के बाद वह भी चर्चा में हैं।
उषा वेंस: अमेरिका की सेकंड लेडी, जिन पर रहती है दुनिया की नजर – अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पत्नी उषा वेंस भारतीय मूल की उन महिलाओं में शामिल हैं, जिन्हें अमेरिकी राजनीति में सबसे ज्यादा पहचान मिली है। आंध्र प्रदेश से जुड़े परिवार में जन्मी उषा अमेरिका में पली-बढ़ीं। उन्होंने येल यूनिवर्सिटी और कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और वकील के तौर पर अपना करियर बनाया। वह अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स के साथ भी काम कर चुकी हैं। जेडी वेंस से उनकी मुलाकात येल लॉ स्कूल में हुई थी। जनवरी 2025 में पति के उपराष्ट्रपति बनने के बाद वह अमेरिका की सेकंड लेडी बनीं।
Home / News / अमेरिका के 5 बड़े नेताओं की भारतीय मूल की हैं पत्नियां, कोई डॉक्टर तो कोई वकील, 5 तस्वीरों से जानें इनकी कहानी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website