
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ डील को लेकर बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को वॉइट हाउस में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध को लेकर एक शानदार समझौता कर लिया है। ट्रंप ने इस डील के जल्द होने की उम्मीद जताई और कहा कि इसके होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य आधिकारिक तौर पर खोल दिया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यह बहुत जल्द, शायद यूरोप में वीकेंड के दौरान, हो सकता है। इसके कुछ घंटे पहले ट्रंप ने ईरान पर हमला रद्द करने की घोषणा की थी।
ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों को बताया कि समझौते के लिए दस्तावेजों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। यह काम अगले कुछ दिनों में पूरा हो जाना चाहिए। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने अभी-अभी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की है। इसके अलावा कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात,बहरीन, कुवैत और अन्य देशों के नेताओं से भी बातचीत की है। उनकी जल्द ही तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन से भी बातचीत की योजना है।
ईरान के पास नहीं होंगे परमाणु हथियार – डील के बारे में बताते हुए ट्रंप ने कहा कि “हमारे पास एक ऐसा समझौता है जिसके तहत ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होंगे। इसे हासिल करने के लिए हमने जो कुछ भी किया, उसका मुख्य मकसद यही था। इसलिए यह एक बहुत बड़ी बात है।” उन्होंने आगे बताया कि यूरोप में इस वीकेंड डील पर हस्ताक्षर का औपचारिक कार्यक्रम हो सकता है।
हस्ताक्षर कार्यक्रम में नहीं शामिल होंगे ट्रंप – ट्रंप ने कहा कि वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, बल्कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा, “जैसे ही हम इस पर हस्ताक्षर कर लेंगे, होर्मुज जलडमरूमध्य खुल जाएगा।” ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने बताया कि तेहरान से समझौते को मंजूरी दिए जाने की संभावना है। हालांकि, ईरान ने कहा है कि अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है।
ईरान ने डील पर क्या कहा? – ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकेई ने कहा कि ईरान अभी तक समझौते को लेकर किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंचा है। हालांकि, उन्होंने बताया कि प्रस्तावित समझौते के ज्यादातर हिस्सों पर सहमति बन चुकी है। उन्होंने बातचीत के दौरान वॉशिंगटन पर बहुत ज्यादा मांग रखने और नई मांगे जोड़ने का आरोप लगाया। बाकेई ने कहा कि ईरान दबाव में नहीं झुकेगा।
Home / News / ‘ईरान के साथ शानदार समझौता’, तेहरान पर हमला रद्द के बाद ट्रंप ने किया ऐलान, खुल जाएगा होर्मुज स्ट्रेट
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website