
मशहूर अमेरिकी एक्टर और म्यूजिशियन जोनाथन जॉस की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एनिमेटेड टीवी सीरीज ‘किंग ऑफ द हिल’ फेम एक्टर को टेक्सास में उनके घर के पास ही गोली मारी गई, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जोनाथन 59 साल के थे। इसी साल फरवरी में वैलेंटाइन डे के मौके पर उन्होंने शादी की थी। जबकि जनवरी में उनके घर में भीषण आगजनी भी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को शाम करीब 7 बजे उन्हें गोलीबारी की सूचना मिली। साउथ सैन एंटोनियो इलाके में हुई गोलीबारी की खबर पाकर जब पुलिस वहां पहुंची तो उन्हें सड़क के पास जोनाथन जॉस घायल हालात में मिले। सैन एंटोनियो पुलिस ने बयान में कहा, ‘अधिकारियों ने EMS के पहुंचने तक जोनाथन की जान बचाने के लिए जरूरी उपास किए, लेकिन ईएमएस ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’
जोनाथन के पति ने किया हत्या को लेकर खुलासा – जोनाथन जॉस समलैंगिकता के बड़े पैरोकारों में से थे। उनके पति ट्रिस्टन कर्न डी गोंजालेस ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को मैसेज भेजकर एक्टर की मौत की पुष्टि की। साथ ही बताया कि दोनों की शादी इस साल की शुरुआत में वैलेंटाइन डे पर हुई थी।
गोंजालेस बोले- उसने गोली चलाने से पहले गालियां दीं – डी गोंजालेस ने कहा कि उन्हें और जोनाथन जॉस को पहले भी उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था, जिसमें से अधिकतर ‘खुले तौर पर समलैंगिकता विरोधी’ थे। जॉस के पति ने कहा कि एक्टर की हत्या करने वाले ने गोली चलाने से पहले ‘हिंसक समलैंगिकता विरोधी गालियां’ दीं। गोंजालस ने कहा, ‘उसकी हत्या किसी ऐसे ने की है, जो दो पुरुषों को एक-दूसरे से प्यार करते हुए देखना बर्दाश्त नहीं कर सकता था।’
गोंजालेस ने कहा- गोली चली तो उसने धक्का देकर मुझे बचाया – डी गोंजालेस ने बताया कि गोलीबारी से पहले वो और जोनाथन घर पर मेल चेक कर रहे थे। जनवरी में लगी आग के दौरान उनका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसमें उनके तीन कुत्तों की जान चली गई थी। गोंजालेस ने कहा, ‘तभी एक आदमी आया और उसने हमारे पास आकर हमें बंदूक दिखाकर धमकाया। जोनाथन और मेरे पास कोई हथियार नहीं था। हम साथ-साथ खड़े थे, तभी उस आदमी ने गोली चलाई। जोनाथन ने मुझे धक्का देकर रास्ते से हटा दिया। उसने मेरी जान बचाई।’
Home / Entertainment / हॉलीवुड एक्टर जोनाथन जॉस की गोली मारकर हत्या, इसी साल वैलेंटाइन डे पर की थी शादी, जनवरी में घर में लगी थी आग
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website