Friday , October 30 2026 11:30 PM
Home / News / India / पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट का अपग्रेड भारत को मंजूर नहीं, राजनाथ सिंह की अमेरिकी रक्षा मंत्री को दो टूक

पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट का अपग्रेड भारत को मंजूर नहीं, राजनाथ सिंह की अमेरिकी रक्षा मंत्री को दो टूक


भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने अमेरिकी समकक्ष पीट हेगसेथ के साथ बैठक में पाकिस्तानी वायु सेना (PAF) के F-16 बेड़े के आधुनिकीकरण पैकेज पर आपत्ति जताई है। राजनाथ सिंह ने फिलीपींस के सेबू में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक से इतर पीट हेगसेथ के साथ एक द्विपक्षीय मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमानों के अपग्रेड और मेंटेनेंस के लिए अमेरिकी समर्थन को लेकर आपत्ति जताई।
पाकिस्तान के साथ 686 मिलियन की हथियार डील – ट्रंप प्रशासन ने दिसम्बर 2025 में पाकिस्तान की वायु सेना के पास मौजूद अमेरिकी F-16 फाइटर जेट के बेड़े के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी और रखरखाव में समर्थन के लिए बड़ी हथियार डील को मंजूरी दी थी।
686 मिलियन डॉलर की इस हथियार डील में F-16 एवियोनिक्स अपग्रेड, क्रिप्टोग्राफिक सिस्टम, सॉफ्टवेयर और मेंटेनेंस के लिए सपोर्ट शामिल है।
पाकिस्तान को अमेरिकी सैन्य मदद से भारत क्यों नाराज? – हालांकि, अमेरिका ने जोर देकर कहा था कि इस कदम से क्षेत्र का सैन्य संतुलन नहीं बदलेगा, लेकिन भारत ने अमेरिकी सैन्य सहायता पैकेजों पर चिंता जताई है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान को दी जाने वाली सैन्य सहायता को क्षेत्र की सुरक्षा पर पड़ने वाले असर से अलग करके नहीं देखा जा सकता। नई दिल्ली का मानना है कि इन पैकेजों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ भी किया जा सकता है।