Monday , November 23 2026 9:11 AM
Home / Uncategorized / ‘भारत अब साइड प्लेयर’: पाकिस्तान को लेकर मोदी सरकार पर भड़के राहुल गांधी, विदेश नीति पर साधा निशाना

‘भारत अब साइड प्लेयर’: पाकिस्तान को लेकर मोदी सरकार पर भड़के राहुल गांधी, विदेश नीति पर साधा निशाना


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हालिया अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका का हवाला देते हुए कहा कि भारत को हमेशा से ही भू-राजनीति की गहरी समझ रही है, लेकिन वैश्विक मामलों में अब वह एक गौण भूमिका में आ गया है। गांधी ने बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ संवाद में कहा, ”अपने आकार की वजह से, वैश्विक स्तर पर भारत की स्वाभाविक रूप से एक अहम आवाज है और उसे वैश्विक बातचीत में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए। लेकिन सच कहूं तो, भारत अब बस एक गौण खिलाड़ी बनकर रह गया है।”
अमेरिका और ईरान के साथ भारत के संबंधों का जिक्र – नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारत के अमेरिका, ईरान और रूस के साथ संबंध हैं। उन्होंने कहा, ”मुझे काफी हैरानी है कि पाकिस्तान ईरानियों और अमेरिकियों के साथ बातचीत करने में व्यस्त है और भारत बस देखता रह गया।” कांग्रेस नेता ने कहा कि स्वतंत्रता के तुरंत बाद भारत ‘गुटनिरपेक्ष आंदोलन’ का नेतृत्वकर्ता था, जिससे उसे दुनिया में विशेष स्थान मिला। उन्होंने कहा कि वह चाहेंगे कि भारत वैश्विक मंच पर अपनी उस आवाज को दोबारा हासिल करे।
मोदी सरकार की विदेश नीति की आलोचना की – राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि यह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जैसे वैश्विक नेताओं के साथ उनके व्यक्तिगत संबंधों पर आधारित है। उन्होंने कहा, ”मुझे श्रीमान मोदी या अन्य नेताओं की दोस्ती से कोई परेशानी नहीं है। दोस्ती इतनी अहम नहीं है। अहम बात यह है कि आप समझें कि क्या चल रहा है, आप कौन हैं, और आपकी जगह कहां है।”