Thursday , November 5 2026 12:58 AM
Home / News / ‘पाकिस्तान से भाग रहे निवेशक, अमेरिका का कब्जा’, मौलाना डीजल ने असीम मुनीर पर लगाया देश तबाह करने का आरोप

‘पाकिस्तान से भाग रहे निवेशक, अमेरिका का कब्जा’, मौलाना डीजल ने असीम मुनीर पर लगाया देश तबाह करने का आरोप


पाकिस्तान के इस्लामिक नेता मौलाना फजल-उर-रहमान ने देश के आर्मी चीफ असीम मुनीर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा ‘अफगानिस्तान के साथ चल रहे युद्ध की वजह से पूरी पश्चिमी सीमा बंद हो गई है व्यापार ठप हो गया है, लोगों की आजीविका और कारोबार बर्बाद हो गए हैं और चीन का हम पर से भरोसा उठ गया है।’
उन्होंने आगे कहा ‘भले ही अभी तक कोई आधिकारिक दस्तावेज सामने नहीं आया है लेकिन FATA (अफगानिस्तान से लगते सीमावर्ती इलाके) इलाकों में आपने जो आपातकाल लागू किया है वह असल में वहां के खनिज संसाधनों पर कब्जा करने की एक कोशिश है। उन्होंने पाकिस्तान के आर्मी चीफपर आरोप लगाया है कि अमेरिका के साथ जो समझौते किए गये हैं उसका मकसद देश को अमेरिका के हवाले करना है।
मौलाना डीजल का मुनीर आर्मी के खिलाफ हल्ला बोल – मौलाना डीजल ने कहा ‘और यह सिर्फ कब्जा ही नहीं है आपने अमेरिकियों के साथ जो समझौते किए हैं जिस तरह से आप हमारी जमीन और हमारे संसाधनों को अमेरिका के हवाले कर रहे हैं, जैसे कि वे ही इसके असली मालिक हों और उनके निवेश के लिए रास्ते खोल रहे हैं और बदले में अगर आपको कुछ पैसे मिल भी जाएं और आप संतुष्ट होकर बैठ जाएं तो याद रखें! हमें अब इस तरह की राजनीति मंज़ूर नहीं है और चीन और रूस को भी इस पर ऐतराज है।’
उन्होंने आगे कहा ‘आप इस क्षेत्र में बाहरी ताकतों को ला रहे हैं। देखिए बहुराष्ट्रीय कंपनियां अमेरिका, यूरोप, चीन और रूस, हर जगह जाती हैं और निवेश करती रहती हैं। लेकिन क्या वजह है कि लोग अफगानिस्तान में निवेश करने आ रहे हैं जबकि पाकिस्तान से निवेशक अपना पैसा बाहर निकाल रहे हैं? निवेश के लिए पूरी दुनिया मुख्य रूप से दो-तीन चीजें देखती है। सबसे पहली बात, जहां शांति और सुरक्षा होती है, लोग वहीं निवेश करते हैं। दूसरी बात, जहां समझौतों और लेन-देन में पारदर्शिता होती है लोग वहीं निवेश करने जाते हैं। और तीसरी बात यह है कि जिस देश में कानून का राज होता है लोग वहीं निवेश करना पसंद करते हैं।’
‘अफगानिस्तान में निवेश, पाकिस्तान से भाग रहे निवेशक’ – मौलाना फजल-उर-रहमान ने रैली से असीम मुनीरऔर शहबाज शरीफ को ललकारते हुए कहा ‘इन तीन बातों को ध्यान में रखते हुए, खुद से पूछिए कि अफगानिस्तान में इन चीजों के बावजूद निवेश क्यों हो रहा है और पाकिस्तान में क्यों नहीं? और हमारे अपने पाकिस्तानी निवेशक अपनी पूंजी विदेश क्यों ले जा रहे हैं? आपने यहां की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद और तबाह कर दिया है और फिर भी आप डींगें हांक रहे हैं कि आप देश को बचा रहे हैं।