Friday , November 20 2026 6:55 AM
Home / News / India / भारत में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में अरेस्ट, कुख्यात नीरज फरीदपुरिया भी चढ़ा हत्थे, FBI ने पकड़ा

भारत में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में अरेस्ट, कुख्यात नीरज फरीदपुरिया भी चढ़ा हत्थे, FBI ने पकड़ा


भारत में कई हत्याओं और दूसरे अपराधों में वांटेड चल रहे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार किया है। वह भारत के मोस्ट वांटेड भगोड़े अपराधियों की लिस्ट में शामिल था। उसके साथ कुख्यात नीरज फरीदपुरिया को भी अरेस्ट किया गया है। हिमांशु और नीरज को अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने पकड़ा है। हिमांशु भाई को गुजरात की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का जानी दुश्मन माना जाता है। हिमांशु हरियाणा और दिल्ली पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। वहीं, नीरज को हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
हिमांशु और उसके साथियों के खिलाफ हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दर्जनों मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, अपहरण और जबरन वसूली जैसे अन्य संगीन अपराध शामिल हैं। भारत की NIA से लेकर दिल्ली और हरियाणा की पुलिस को उसकी तलाश थी। हिमांशु के खिलाफ इंटरपोल का नोटिस भी जारी हो चुका था। वह एक देश से दूसरे देश में भाग रहा था। इसके पहले उसके पुर्तगाल में होने की जानकारी आई थी।
17 साल की उम्र में हिमांशु पर हत्या का केस- हिमांशु का असली नाम हिमांशु रिटोलिया है। वह हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव का रहने वाला है। 17 साल की उम्र में पहला अपराध करने वाले हिमांशु ने जरायम की दुनिया में तेजी से कदम बढ़ाए कि दुनिया की एजेंसियों ने उसे अपनी वांटेड लिस्ट में शामिल कर लिया। महज 21 साल की उम्र में उसके खिलाफ इंटरपोल का नोटिस जारी हो गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हिमांशु के ऊपर हत्या का पहला केस साल 2020 में सिर्फ 17 साल की उम्र में दर्ज हुआ। हिमांशु ने गांव के ही एक आदमी को विवाद के बाद दिनदहाड़े तमंचे से गोली मार दी थी। हिमांशु उस समय नाबालिग था, इसलिए पुलिस ने उसे बाल सुधार गृह में भेज दिया। लेकिन कुछ ही हफ्ते बाद वह वहां से फरार हो गया।
अंडरवर्ल्ड की दुनिया में तेजी से बढ़ाए कदम – इसके बाद उसने दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में बड़ी वारदातों को अंजाम देकर अंडरवर्ल्ड की दुनिया में तेजी से कदम बढ़ाए। उसका संबंध गैंगस्टर नीरज बवाना गैंग से जुड़े गिरोह से भी बताया जाता है। मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर दर्जनों गोलियां चलवाना, जिम ट्रेनर विजय की हत्या जैसे चर्चित मामलों में उसका नाम आया था। पुलिस के अनुसार, 2022 भारत छोड़ने से पहले उसने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके पासपोर्ट बनवाया था। 2023 में उसके खिलाफ इंटरपोल का नोटिस जारी हुआ।