Saturday , May 30 2026 7:16 PM
Home / News / गाजा में फिर लड़ाई छेड़ेंगे नेतन्याहू! इजरायली सेना को 70 प्रतिशत हिस्से पर कब्जे का आदेश, बढ़ेगा संकट

गाजा में फिर लड़ाई छेड़ेंगे नेतन्याहू! इजरायली सेना को 70 प्रतिशत हिस्से पर कब्जे का आदेश, बढ़ेगा संकट


इजरायली आर्मी ने गाजा पट्टी में अपना कब्जा बढ़ाने का फैसला लिया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उन्होंने सेना को गाजा के 70 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा करने का आदेश दिया है। नेतन्याहू ने एक कार्यक्रम में यह बात कही है। इजरायली पीएम का यह आदेश अक्टूबर में हुए संघर्ष विराम पर भी सवाल खड़ा करता है। सीजफायर के बावजूद नेतन्याहू ने खुलेतौर पर गाजा पर कब्जे की बात कही है।
नेतन्याहू ने सेना में शामिल होने से पहले की ट्रेनिंग देने वाली ऐन प्रात लीडरशिप अकादमी के कार्यक्रम में कहा, ‘इस समय गाजा पट्टी के 60 प्रतिशत इलाके पर हमारा पूरी तरह से नियंत्रण है। मेरा सेना को निर्देश है कि इसे बढ़ाकर 70 प्रतिशत तक पहुंचाया जाए। मैं कहूंगा कि सेना इस ओर काम करे।’
गाजा पर कब्जे को बढ़ाएंंगे: नेतन्याहू – बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यक्रम में कुछ लोगों ने गाजा पर इजरायल के पूर्ण नियंत्रण के लिए नारे लगाए। इस नेतन्याहू ने जवाब दिया कि हम क्रम से आगे बढ़ रहे हैं। पहले 70 प्रतिशत पर जाएंगे, हम यहीं से शुरुआत करेंगे। नेतन्याहू की टिप्पणी इजरायली रक्षा मंत्री के फिलिस्तीनियों के ‘जातीय सफाए’ के आह्वान के बाद आई है।
इजरायल और हमास ने बीते साल अक्टूबर में अमेरिका की मध्यस्थता से एक संघर्ष-विराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इस सीजफायर का उद्देश्य गाजा में पिछले दो वर्षों से चल रहे नरसंहार को समाप्त करना था। नेतन्याहू यह कदम अक्टूबर 2025 में हुए युद्धविराम समझौते की शर्तों के विपरीत माना जा रहा है।
सीजफायर के खिलाफ नेतन्याहू का बयान – सीजफायर समझौते में साफतौर पर कहा गया है कि इजरायल ना तो गाजा पर कब्जा करेगा और ना ही उसे अपने में मिलाएगा। समझौते में यह भी कहा गया है कि किसी को भी इस इलाके को छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। नेतन्याहू और उनके रक्षा मंत्री कब्जे और फिलिस्तीनियों को निकालने, दोनों की बात कह रहे हैं।
बीते साल जब यह संघर्ष विराम लागू हुआ था, उस समय इजरायली सेना का गाजा के तकरीबन 53 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण था। इसमें इलाके के उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों के बड़े क्षेत्र शामिल थे। इसके बाद से इजरायली सेना ने अपने नियंत्रण का विस्तार करते हुए इस इलाके के 60 प्रतिशत हिस्से तक कब्जा कर लिया है।
गाजा में बढ़ेगा मानवीय संकट!- बेंजामिन नेतन्याहू के ऐलान के अनुरूप इस नियंत्रण का विस्तार करके इजरायली सेना 70 प्रतिशत तक कब्जा कर लेगी तो इसका अर्थ यह होगा कि गाजा के 22 लाख फिलिस्तीनी केवल 109 वर्ग किलोमीटर जमीन के छोटे से दायरे में सिमटकर रह जाएंगे। इससे इलाके में मानवीय संकट और ज्यादा गहरा सकता है।
इजरायल पर संघर्ष-विराम लागू होने के बाद से पिछले सात महीनों के दौरान समझौते की कई अन्य शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगा है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इजरायली सेना ने फिलिस्तीनियों को निशाना बनाते हुए तकरीबन हर रोज हवाई हमले और गोलीबारी जारी रखी है।
संघर्ष-विराम शुरू होने के बाद से अब तक 922 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यूनिसेफ ने बताया है कि मारे गए लोगों में से कम से कम 229 बच्चे थे। अक्टूबर 2023 से अब तक गाजा में इजरायली हमलों में करीब 73,000 फिलिस्तीनी मारे गए हैं। हजारों लोगों के अभी भी मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।