Saturday , June 20 2026 7:04 PM
Home / Sports / ऋषभ पंत नहीं, अक्षर पटेल की जगह ये खिलाड़ी बनेगा दिल्ली कैपिटल्स का नया कप्तान, दो टीमों का रह चुका है कैप्टन

ऋषभ पंत नहीं, अक्षर पटेल की जगह ये खिलाड़ी बनेगा दिल्ली कैपिटल्स का नया कप्तान, दो टीमों का रह चुका है कैप्टन


भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल एक बार फिर आईपीएल में कप्तानी करते नजर आ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2027 में होने वाले आईपीएल सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स उन्हें अपना नया कप्तान नियुक्त करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इससे पहले राहुल पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी भी संभाल चुके हैं। दिल्ली की टीम ने पिछले दो सीजन (2025 और 2026) अक्षर पटेल की कप्तानी में खेले थे लेकिन दोनों ही बार टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही जिसके चलते फ्रेंचाइजी अब नेतृत्व में बदलाव का मन बना रही है।
शानदार रहा था पिछला सीजन – केएल राहुल के लिए आईपीएल 2026 का सीजन बल्ले से बेहद शानदार रहा था। वे 14 मैचों में 593 रन बनाकर दिल्ली कैपिटल्स के सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। इसी सीजन के दौरान उन्होंने अरुण जेटली स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए मात्र 67 गेंदों पर नाबाद 152 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इसके साथ ही वे आईपीएल के किसी एक मैच में 150 या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने थे। हालांकि, उनकी इस चमत्कारी पारी के बावजूद दिल्ली को उस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।
ऋषभ पंत की भी हो रही वापसी – दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स के खेमे से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। साल 2016 से 2024 तक दिल्ली का हिस्सा रहे स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत की आगामी सीजन में अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी में वापसी हो सकती है। पंत को आईपीएल 2025 की मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में खरीदा था। हालांकि, लखनऊ के लिए पिछले दो सीजन में उनका बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। साल 2026 में पंत की खराब फॉर्म और कप्तानी के चलते लखनऊ की टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी जिसके बाद उन्होंने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था।
कुलदीप जा सकते हैं लखनऊ – आगामी सीजन से पहले खिलाड़ियों की ट्रेडिंग या ट्रांसफर के भी समीकरण बनते दिख रहे हैं। जहां ऋषभ पंत की दिल्ली में वापसी की चर्चा है वहीं दिल्ली के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव आगामी सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स का रुख कर सकते हैं। साल 2022 से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े कुलदीप के लिए पिछला सीजन बेहद निराशाजनक रहा था जिसके चलते उन्हें प्लेइंग इलेवन से भी बाहर होना पड़ा था।