
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सोमवार रात को तिलक वर्मा ने वह कर दिखाया जो आईपीएल के इतिहास में बहुत कम ही देखने को मिलता है। उन्होंने न केवल अपने करियर का पहला शतक जड़ा, बल्कि भयंकर चोट के बावजूद मैदान नहीं छोड़ा और अपनी टीम को एक यादगार जीत दिलाई।
इस ओवर में लगी चोट – मुंबई इंडियंस की पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक ऐसा हादसा हुआ जिसने सबकी सांसें रोक दीं। गुजरात टाइटंस के गेंदबाज अशोक शर्मा ने 150.3 kph की रफ्तार से एक खतरनाक बाउंसर फेंकी। तिलक वर्मा ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद की गति के कारण वे चूक गए और गेंद सीधे उनके कूल्हे पर जा लगी। तिलक दर्द से कराहते हुए तुरंत जमीन पर गिर पड़े। वीडियो में साफ दिख रहा था कि वे काफी तकलीफ में थे और गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी भी उनका हाल जानने उनके पास जमा हो गए।
जयसूर्या के 18 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी – हर किसी को लगा था कि तिलक शायद अब आगे बल्लेबाजी नहीं कर पाएंगे, लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने हार नहीं मानी। उन्होंने उसी दर्द के साथ खेलना जारी रखा और देखते ही देखते महज 45 गेंदों में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा कर लिया। इस पारी के साथ उन्होंने सनथ जयसूर्या के मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। तिलक ने अपनी 101 रनों की नाबाद पारी में 8 चौके और 7 छक्के जड़े, और उनका स्ट्राइक रेट 224.44 का रहा।
आखिरी 23 गेंदों में पलटा पूरा मैच – तिलक वर्मा की इस पारी की सबसे खास बात इसकी गति रही। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत काफी धीमी की थी और पहली 20 गेंदों तक उनके बल्ले से एक भी चौका या छक्का नहीं निकला था। एक समय वे 22 गेंदों में केवल 19 रन पर खेल रहे थे, लेकिन अगली 23 गेंदों में उन्होंने 82 रन कूट डाले। उनकी इस बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 199/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें नमन धीर (45 रन) का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुंबई इंडियंस ने दर्ज की शानदारा जीत – 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम तिलक वर्मा के अकेले के स्कोर (101) की बराबरी भी नहीं कर सकी। पूरी टीम महज 100 रनों पर सिमट गई, जो उनके आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे कम स्कोर है। मुंबई की ओर से अश्वनी कुमार ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 4 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने भी अपना विकेटों का सूखा खत्म किया, जबकि सैंटनर और गजनफर ने 2-2 विकेट लिए। इस 99 रनों की जीत के साथ मुंबई इंडियंस अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है।
Home / Sports / इसे कहते हैं बदला! पेट में मारी 150 kph की गेंद तो तिलक वर्मा ने जड़ दिया शतक, गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों को यूं धोया
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website