Sunday , October 11 2026 2:34 PM
Home / News / India / PAF के फाइटर जेट ने हूती ठिकानों पर किया हमला, यमन की जंग में पाकिस्तान की सीधी एंट्री, रिपोर्ट में खुलासा

PAF के फाइटर जेट ने हूती ठिकानों पर किया हमला, यमन की जंग में पाकिस्तान की सीधी एंट्री, रिपोर्ट में खुलासा


हूतियों के खिलाफ हमले में पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) के फाइटर जेट का इस्तेमाल किया गया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में पाकिस्तान के एक सीनियर अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी गई है। यह पहली बार है जब पाकिस्तानी जेट ने हूतियों के खिलाफ हमले किए हैं।
मक्का डिफेंस पैक्ट ऐक्टिवेट होने के कुछ दिनों बाद ही पाकिस्तान की वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर हमले शुरू कर दिए हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, हूतियों के खिलाफ हमले में पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) के फाइटर जेट का इस्तेमाल किया गया है। पाकिस्तान के एक सीनियर अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर आउटलेट को यह जानकारी दी।
इसके पहले सोमवार को सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के अधिकारियों की बैठक में मक्का ऐक्टिवेट को लागू करने का फैसला किया गया था। इसके तहत पाकिस्तान और तुर्की ने सऊदी अरब में तेजी से सैन्य तैनाती के लिए सहमति जताई थी। इसके बाद इस्लामाबाद ने सऊदी अरब को सैन्य मदद बढ़ा दी है।
सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिक तैनात – इस बीच पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ISPR के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने CNN से पुष्टि की कि उसके सैनिक सऊदी अरब में तैनात हैं। हालांकि, उन्होंने इसकी संख्या बताने से इनकार किया। वहीं, न्यूयॉर्क टाइम की रिपोर्ट में पाकिस्तान में अमेरिका के पूर्व मिलिट्री अताशे कर्नल डेविड ओ. स्मिथ ने इनकी अनुमानित संख्या 8000 बताई।
स्मिथ ने बुधवार को न्यूयॉर्क टाइम्स से कहा कि उनके पास गोपनीय आंकड़े नहीं हैं, लेकिन विश्लेषकों के बीच आम राय है कि सऊदी अरब में लगभग 8000 पाकिस्तानी सैनिक तैनात किए गए हैं। हालांकि, कुछ अन्य सूत्रों का कहना है कि सऊदी में तैनात पाकिस्तानी सैनिकों की संख्या लगभग 15000 तक हो सकती है।
सऊदी समर्थित सेना का हूतियों के खिलाफ सैन्य अभियान – यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब सऊदी समर्थित सरकारी सेना ने यमन में हूतियों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया है। सऊदी के लड़ाकी विमान इसमें हवाई मदद कर रहे हैं। उधर हूतियों ने सऊदी अरब के अंदर हमले तेज कर दिए हैं। इसके पहले बुधवार को सऊदी अरब के अबहा और रियाद में हवाई अड्डों पर हमले किए गए थे, जिसमें 3 लोग मारे गए थे और 36 घायल हुए थे।
न्यूयॉर्क टाइम्स में एक दूसरे पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से कहा गया कि इस संघर्ष में पाकिस्तान की भूमिका यमन में जमीनी हमले के बजाय हवाई मदद के जरिए हूतियों के ड्रोन और मिसाइल खतरों को कम करने पर केंद्रित रहने की उम्मीद है। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी। वहीं, पाकिस्तान के सूचना मंत्रलाय ने इस रिपोर्ट को फर्जी और मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया है। इसने इस बात से इनकार किया कि हूतियों के खिलाफ PAF के विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है।