Friday , October 9 2026 11:00 PM
Home / News / रूसी विमान मास्को के पास क्रैश, 71 की मौत

रूसी विमान मास्को के पास क्रैश, 71 की मौत


मास्को: रूस का एक विमान राजधानी के दोमोदेदोवो हवाईअड्डा से उड़ान भरने के बाद मास्को के बाहरी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसमें चालक दल के छह सदस्यों सहित कुल 71 लोग सवार थे। जिनमें से कोई भी जीवित नहीं बचा। रूसी मीडिया के अनुसार यह विमान यूराल पर्वतमाला के दक्षिणी छोर पर स्थित ओस्र्क शहर जा रहा था। विमान मास्को के बाहर रामेंस्की जिला में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। एंतोनोव एन -148 विमान का परिचालन घरेलू सारातोव एयरलाइंस करती है।

खबरों के मुताबिक विमान में 65 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। विमान का मलबा दुर्घटनास्थल के पास एक बड़े इलाके में बिखर गया। रूस निर्मित विमान सात साल पुराना था औ इसे सारातोव एयरलाइंस ने एक साल पहले दूसरी रूसी एयरलाइन से खरीदा था।

रूसी मीडिया के मुताबिक आपात सेवा सड़क मार्ग से दुर्घटनास्थल पर पहुंच पाने में अक्षम है और बचावकर्मी मौके पर पैदल ही जा रहे हैं। परिवहन मंत्रालय ने बताया कि कि दुर्घटना के लिए मौसम की परिस्थिति और मानवीय गलती सहित कई कारण हो सकते हैं। ओरेनबर्ग क्षेत्र के गवर्नर ने बताया कि विमान में सवार 60 से अधिक लोग इसी क्षेत्र से थे। अभियोजकों ने दुर्घटना के बाद सारातोव एयरलाइंस की जांच शुरू की है।

पुतिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने बताया कि दुर्घटना में अपने सगे संबंधियों को खोने वाले लोगों के प्रति राष्ट्रपति ने गहरी संवेदना प्रकट की है। इसके अलावा भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉस्को के बाहर रविवार को हुई एक रूसी यात्री विमान दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर शोक जताया। मोदी ने अपने संदेश में कहा, ‘‘मॉस्को में रविवार को हुई विमान दुर्घटना में दुखद तरीके से लोगों के मारे जाने पर गहरा शोक जताता हूं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं।’’ गौरतलब है कि मॉस्को के दोमोदेदोवो हवाई अड्डे से उड़ान भरते के कुछ ही मिनट के भीतर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार सभी 71 लोग मारे गए।