
लंदनः एक ब्रिटिश शराब कंपनी द्वारा बियर का नाम गणेश रखने पर ब्रिटेन में बवाल मच गया। हिंदू समाज द्वारा किए गए विरोध के बाद कंपनी ने बियर ब्रांड नाम बदलने का फैसला लिया है।उत्तरी इंग्लैंड में बियर बनाने वाली एक कंपनी ने कहा कि वह कुछ महीने पहले बनाई गई अपनी विशेष बियर के ब्रांड नेम ‘गणेश’ को वापस ले रही है।
वेस्ट यॉर्कशयर स्थित विशबोन ब्रूअरी लिमिटेड ने पिछले महीने मैनचेस्टर में बियर उत्सव में भारतीयों को आकर्षित करने के लिए उनके स्वाद के हिसाब से नींबू, धनिया, अंगूर और बाबूने के फूल (कैमोमिला) से तैयार बियर का नाम गणेश रखा था। अमेरिका की यूनिवर्सल सोसाइटी ऑफ हिंदुइज्म के अध्यक्ष राजन जेद समेत अन्य लोगों ने हिंदू भगवान का नाम बियर ब्रांड के तौर पर रखे जाने पर आपत्ति जताई थी।
विशबोन ब्रूअरी के मुख्य ब्रूअर एड्रियन चैपमेन ने कहा, “हम इसके निहितार्थ से बिलकुल अनजान थे। हमने इसे बस एक शब्द के तौर पर इस्तेमाल किया जो भारत एवं भारतीयों की पसंद को दर्शाए। हमारी मंशा कोई नाराजगी पैदा करने की नहीं थी और हम निश्चित तौर पर इसका इस्तेमाल नहीं करेंगे।” उन्होंने कहा, “हमें जैसे ही पता चला कि इस नाम से सांस्कृतिक भावनाएं आहत हो सकती हैं, हमने फौरन फैसला लिया कि भविष्य में इसका इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।”
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website