
जकार्ताः इंडोनेशिया में एक महिला को मस्जिद से आने वाले शोर को लेकर शिकायत करनी भारी पड गई। शिकायकर्त्ता को ईशनिंदा के तहत 18 महीने जेलकी सजा सुनाई गई है। चीनी महिला मिलियाना उस वक्त रो पड़ी जब मंगलवार को जज ने यह फैसला सुनाया। उसे हथकड़ी के साथ कोर्ट से बाहर ले जाया गया।
अभियोजक ने कहा कि 44 वर्षीय महिला ने ईशनिंदा कर देश के कानून का उल्लंघन किया है। बता दें कि जुलाई 2016 में मिलयाना की शिकायत के बाद सुमात्रा के बंदरगाह शहर तानजुंग बलाई में 14 बौद्ध मंदिरों को भीड़ ने आग के हवाले कर दिया था। महिला के वकील ने कहा कि सजा के खिलाफ याचिका दाखिल की जा सकती है। वहीं, एक कंजरवेटिव ग्रुप इस्लामिक कम्युनिटी फोरम का कहना है कि मिलियाना को दी गई सजा काफी कम है। उसे कम से कम 2 साल की सजा दी जानी चाहिए।
इंडोनेशिया के संविधान ने धर्म और अभिव्यक्ति की आजादी दी है, लेकिन हाल के समय में इस्लाम के अपमान का दोषी मानते हुए लोगों पर ईशनिंदा के केस किए गए हैं। पिछले साल अल्पसंख्यक ईसाई और जकार्ता के चीनी गवर्नर को ईशनिंदा का दोषी पाया गया था और उन्हें दो साल की सजा सुनाई गई थी। इसके पहले देश में काफी प्रदर्शन देखने को मिले थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website