
कोई कितना खूबसूरत हो सकता है? क्या इतना कि दुनिया में हर कोई उसका दीवाना हो! क्या इतना कि उसे जब भी कोई एक नजर देखे तो पलभर के लिए ठहर जाए! वैसे तो खूबसूरती की कोई सीमा नहीं होती, लेकिन यदि सूरत और सीरत दोनों की बात की जाए, तो यकीनन ऐनी हैथवे जैसा कोई नहीं है। 43 साल की यह हसीना दो बच्चों की मां हैं। डिप्रेशन से लेकर मिसकैरेज तक, उन्होंने सबकुछ झेला है, पर हमेशा पहले से अधिक मजबूती से उभरकर आई हैं। प्रतिष्ठित ‘पीपल मैगजीन’ ने ऐनी हैथवे को ‘दुनिया की सबसे खूबसूरत स्टार 2026’ का खिताब दिया है। यह एक्ट्रेस के 27 साल लंबे हॉलीवुड करियर में एक और मील का पत्थर है। वह इन दिनों ‘द डेविल वियर्स प्राडा 2’ को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी यह फिल्म 1 मई 2026 को रिलीज होने वाली है।
एक ओर ऐनी हैथवे जहां अपनी अपकमिंग फिल्म को अपने सबसे यादगार अनुभवों में से एक बताती हैं, वहीं अब दुनियाभर में उनके कद्रदानों में हचलच मची हुई है। इंटरनेट की दुनिया में वह ट्रेंड हो रही हैं। हर कोई उनके बारे में अधिक से अधिक जानने को बेताब है। यदि आप भी पहली नजर में ही इस हसीना के मुरीद हो गए हैं, तो आइए आपको इनके बारे में विस्तार से बताते हैं-
ऐनी हैथवे कौन हैं – ऐनी हैथवे एक अमेरिकी एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने 1999 में टेलीविजन शो ‘गेट रीयल’ और साल 2001 में ‘द प्रिंसेज डायरीज’ से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया था। वह अपनी दमदार अदाकारी के लिए पहचानी जाती हैं। बीते कुछ साल में उन्हें कई बड़े सम्मान मिले हैं, जिनमें एक ऑस्करअवॉर्ड, एक BAFTA अवॉर्ड, एक गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड और एक प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड शामिल हैं।
ऐनी हैथवे की फिल्में कर चुकी हैं $6.8 बिलियन की कमाई – ऐनी हैथवे कितनी पॉपुलर सक्सेसफुल हैं, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उनकी फिल्मों ने अब तक दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर कुल $6.8 बिलियन (₹63583.40 करोड़) से ज्यादा की कमाई की है। साल 2015 से ही उन्हें दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एक्ट्रेसस में गिना जाता है।
ऐनी हैथवे का जन्म, परिवार और नाम का दिलचस्प किस्सा – ऐनी हैथवे का पूरा नाम ऐनी जैकलीन हैथवे है। उनका जन्म 12 नवंबर 1982 को न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन इलाके में हुआ। वह आयरिश, अंग्रेज, जर्मन और फेंच मूल की हैं। उनके पिता जेराल्ड एक लेबर वकील थे और उनकी मां केट (पहले मैककॉले) एक एक्ट्रेस रही हैं। ऐनी हैथवे के नाना जो मैककॉले, फिलाडेल्फिया रेडियो के जाने-माने पर्सनैलिटी थे। ऐनी के नाम से जुड़ा भी एक दलिचस्प किस्सा है। ‘द डेली टेलीग्राफ’ के मुताबिक, एक्ट्रेस का नाम विलियम शेक्सपियर की पत्नी के नाम पर रखा गया था। परिवार में उनका एक बड़ा भाई माइकल और एक छोटा भाई थॉमस है। ऐनी हैथवे जब छह साल की थीं, तब उनका परिवार मिलबर्न (न्यू जर्सी) चला गया, जहां उनकी परवरिश हुई।
ऐनी हैथवे की पॉपुलर फिल्में और शोज – ऐनी हैथवे ने हाई स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही थिएटर आर्टिस्ट के तौर पर काम करना शुरू कर दिया था। टीनएज में ही उन्हें टेलीविजन शो ‘गेट रियल’ (1999–2000) में कास्ट किया गया। फिर वह डिज्नी की कॉमेडी फिल्म ‘द प्रिंसेस डायरीज’ (2001) में लीड रोल में नजर आईं। साल 2004 में ‘एला एनचांटेड’ जैसी फिल्मों में काम करने के बाद 2005 में ‘ब्रोकबैक माउंटेन’ में गंभीर और मैच्योर किरदारों की ओर रुख किया। ‘द डेविल वियर्स प्राडा’ (2006) में एक फैशन मैगजीन की एडिटर के असिस्टेंट के रोल में उन्हें बहुत पसंद किया गया। ‘रैचल गेटिंग मैरिड’ (2008) में एक नशेड़ी के रोल में उन्होंने खूब तालियां बटोरीं। इसके लिए उन्हें ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ का ऑस्कर नॉमिनेशन भी मिला।
हैथवे को जिन फिल्मों और शोज में उनके किरदार के लिए भरदम सराहना मिली, उनमें ‘गेट स्मार्ट’ (2008), ‘ब्राइड वॉर्स’ (2009), ‘वैलेंटाइन्स डे’ (2010), ‘लव एंड अदर ड्रग्स’ (2010), ‘ऐलिस इन वंडरलैंड’ (2010), ‘द डार्क नाइट राइजेज’ (2012), ‘लेस मिजरेबल्स’, ‘इंटरस्टेलर’ (2014), ‘द इंटर्न’ (2015), ‘ओशन्स 8’ (2018), ‘द हसल’ (2019), ‘द आइडिया ऑफ यू’ (2024), और मिनी सीरीज ‘वीक्रैश्ड’ (2022) शामिल हैं।
बचपन में नन बनने की चाह, धर्म से दूरी और मां का वो मंच – बचपन में ऐनी हैथवे ने ‘पेपर मिल प्लेहाउस’ में कई नाटकों में अभिनय किया था। वह तब आठ साल की थीं, जब उन्होंने अपनी मां को एक टूर पर एक्टिंग करते देखा। वह तभी से एक्ट्रेस बनने का सपना संजोने लगीं। लेकिन उनके माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। रोमन कैथोलिक के तौर पर पली-बढ़ी ऐनी कभी नन भी बनना चाहती थीं, लेकिन एक्टिंग हमेशा से उनका पहला प्यार रहा। 15 साल की उम्र में कैथोलिक चर्च के साथ उनका रिश्ता तब बदला गया, जब उन्हें पता चला कि उनके बड़े भाई गे हैं। उनके परिवार ने चर्च छोड़ दिया। साल 2009 में ऐनी हैथवे से जब उनके धार्मिक विचारों के बारे में पूछा किया, तो उन्होंने कहा, ‘यह अभी भी विकसित हो रही प्रक्रिया’ है।
ऐनी हैथवे की एजुकेशन – ऐनी हैथवे ने ब्रुकलिन हाइट्स मोंटेसरी स्कूल और मिलबर्न के व्योमिंग एलिमेंट्री स्कूल में पढ़ाई की है। उन्होंने मिलबर्न हाई स्कूल से ग्रेजुएशन किया। यही वह जगह थी, जहां उन्होंने कई नाटकों में हिस्सा लिया। उन्होंने 1993 में अमेरिकन एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट्स में पढ़ाई की और बैरो ग्रुप थिएटर कंपनी के एक्टिंग प्रोग्राम में एडमिशन पाने वाली पहली टीनएजर बनीं। ऐनी ने न्यूयॉर्क के पॉकीप्सी में वासर कॉलेज में इंग्लिश मेजर और पॉलिटिकल साइंस माइनर के तौर पर कई सेमेस्टर तक पढ़ाई की और फिर न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के गैलैटिन स्कूल ऑफ इंडिविजुअलाइज्ड स्टडी में ट्रांसफर ले लिया।
ऐनी हैथवे के एक्टिंग करियर की शुरुआत – साल 1998 और 1999 के बीच ऐनी हैथवे ने कार्नेगी हॉल में ‘ऑल-ईस्टर्न U.S. हाई स्कूल ऑनर्स कोरस’ के साथ सोप्रानो गाया और न्यू जर्सी के वेस्ट ऑरेंज में सेटोन हॉल प्रिपरेटरी स्कूल के नाटकों में भी हिस्सा लिया। यहीं से उनके एक्टिंग करियर की शुरुआत हुई। उनकी एक्टिंग स्टाइल और लुक्स की तुलना जूडी गारलैंड से होती थी। कार्नेगी हॉल में एक थिएटर परफॉर्मेंस के तीन दिन बाद ऐनी हैथवे को टीवी शो ‘गेट रियल’ में कास्ट किया गया। शुरुआती सफलता के बावजूद वह टीनएजर के तौर पर डिप्रेशन और एंग्जायटी का शिकार बनीं। हालांकि, 2008 में उन्होंने कहा कि वह अब इससे उबर चुकी हैं। अपनी पहली फिल्म ‘द प्रिंसेस डायरीज’ (2001) की शूटिंग के लिए उन्हें कॉलेज का अपना पहला सेमेस्टर छोड़ना पड़ा। एक्ट्रेस ने बाद में एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें अपनी डिग्री पूरी न कर पाने का कभी कोई अफसोस नहीं हुआ।
ऐनी हैथवे और Raffaello Follieri का रिश्ता, गिरफ्तारी और ब्रेकअप – ऐनी हैथवे ने 2004 से 2008 तक इटैलियन रियल एस्टेट डेवलपर Raffaello Follieri को डेट किया। जून 2008 में Follieri को गिरफ्तार किया गया। एक जांच में पता चला कि उन्होंने अपने नॉन-प्रॉफिट जानकारी वाले फॉर्म जमा नहीं किए थे। उन पर निवेशकों को धोखा देने का आरोप लगा। इनमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन भी शामिल थे। जांच बढ़ी तो ऐनी हैथवे की कई पर्सनल डायरीज भी जब्त की गईं। Follieri को साढ़े चार साल की जेल हुई और 2008 में दोनों का यह रिश्ता टूट गया।
ब्रेकअप के बाद डिप्रेशन में चली गईं ऐनी हैथवे – साल 2007 की शुरुआत में ऐनी हैथवे ने डिप्रेशन की बात कबूली। 2008 में ब्रेकअप के बाद उन्होंने फिर से सिगरेट पीना शुरू कर दिया। बाद में उन्होंने सिगरेट छोड़ा और फिर से शाकाहारी बन गईं। 2012 की शुरुआत में वह वीगन बन गईं, लेकिन 2014 में उन्होंने फिर से मछली खाना शुरू कर दिया। उन्होंने अक्टूबर 2018 में बताया कि वह शराब पीना छोड़ चुकी हैं।
ऐनी हैथवे की शादी, अबॉर्शन और बच्चे – ऐनी हैथवे ने 29 सितंबर 2012 को एक पारंपरिक यहूदी समारोह में एक्टर और बिजनसमैन एडम शुलमन से शादी की। उन्होंने अपनी शादी की फोटोज के लिए एक बड़ी डील की और इससे जमा हुए पैसे समलैंगिक विवाह की वकालत करने वाले ग्रुप ‘फ्रीडम टू मैरी’ को दान कर दिया। ऐनी हैथवे के दो बेटे हैं। बड़े बेटे जोनाथन का जन्म मार्च 2016 में हुआ था। जबकि छोटे बेटे जैक का जन्म नवंबर 2019 में हुआ। इससे पहले साल 2015 में एक्ट्रेस का एक बार मिसकैरेज भी हुआ।
ऐनी हैथवे की नेट वर्थ और फीस – एक रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2026 तक ऐनी हैथवे की टोटल नेट वर्थ ₹746.74 करोड़ ($80 मिलियन) है। वह हॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एक्ट्रेसेस में से एक हैं। उनके पास कई घर हैं, जिनमें साउथ कैलिफोर्निया में एक शैले (जहां वह रहती हैं) और न्यूयॉर्क शहर के अपर वेस्ट साइड में एक पेंटहाउस शामिल है। ऐनी हैथवे की कमाई का मुख्य जरिया उनका दो दशकों का एक्टिंग करियर और बड़े ब्रांड्स के साथ एंडोर्समेंट है। बताया जाता है कि 2020 की फिल्म ‘द विचेज़’ के लिए उन्हें अपने करियर की सबसे ज्यादा फीस $15 मिलियन मिली थी। इसके अलावा Apple TV+ के शो ‘वी क्रैश्ड’ के लिए उन्हें हर एपिसोड के लिए लगभग $750,000 की फीस मिली। इस पूरी सीरीज से उनकी कुल कमाई लगभग $6 मिलियन थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website