
इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने जा रही तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज से पहले चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर शिवम दुबे को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। दुबे इंग्लैंड में जारी पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को कहा कि दुबे वनडे सीरीज के लिए भी वहीं रुकेंगे, क्योंकि रेड्डी अभी भी क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ नीतीश को लगी थी चोट – नीतीश कुमार रेड्डी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी। रिहैबिलिटेशन के कारण उन्हें पहले ही आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी तीन मुकाबलों की सीरीज से बाहर कर दिया गया था। देवजीत सैकिया ने कहा, ‘सिलेक्शन कमिटी ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में नीतीश कुमार रेड्डी की जगह शिवम दुबे को चुना है।’
शिवम दुबे ने 2024 में आखिरी वनडे खेला था – साल 2019 में वनडे डेब्यू करने वाले शिवम दुबे ने इस फॉर्मेट में अब तक कुल 4 मैच खेले हैं, जिसमें 43 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने 1 विकेट भी हासिल किया है। वहीं, 68 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 6 अर्धशतकों के साथ 1,083 रन बनाने के अलावा 34 विकेट अपने नाम किए हैं। दुबे ने आखिरी वनडे मैच अगस्त 2024 में श्रीलंका के खिलाफ था।
भारत-इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच बर्मिंघम में 14 जुलाई को खेला जाएगा, जिसके बाद कार्डिफ में 16 जुलाई को अगले मैच का आयोजन होगा। सीरीज का अंतिम मुकाबला 19 जुलाई को लंदन में खेला जाना है।
भारत की अपडेटेड वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, शिवम दुबे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website