Tuesday , May 26 2026 10:48 AM
Home / News / यूरेनियम संवर्धन ईरान का कानूनी हक: रूस की अमेरिका को दो-टूक, लावरोव ने ट्रंप प्रशासन को जमकर सुनाया

यूरेनियम संवर्धन ईरान का कानूनी हक: रूस की अमेरिका को दो-टूक, लावरोव ने ट्रंप प्रशासन को जमकर सुनाया


रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम संवर्धन करने के ईरान के अधिकार का समर्थन किया है। उन्होंने ट्रंप प्रशासन के ईरान पर डाले जा रहे नए दबाव का विरोध भी किया है। राजनयिक मुलाकातों के दौरान बोलते हुए, लावरोव ने इस बात पर जोर दिया कि ईरान, एक संप्रभु राज्य और परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) का हस्ताक्षरकर्ता होने के नाते, अपने नागरिक परमाणु कार्यक्रम को विकसित करने का वैध अधिकार रखता है। लावरोव ने कहा, “ईरान को शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम संवर्धन करने का अधिकार है।”
ईरान के परमाणु कार्यक्रम के पक्ष में रूस – रूसी विदेश मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ट्रंप प्रशासन ने ईरान पर उसके परमाणु गतिविधियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्रीय प्रभाव को सीमित करने के लिए राजनयिक और आर्थिक दबाव तेज कर दिया है। अमेरिका ने ईरान के यूरेनियम संवर्धन स्तरों पर बार-बार चिंता व्यक्त की है, जो हाल के वर्षों में 2015 के संयुक्त व्यापक कार्य योजना (जेसीपीओए) के तहत निर्धारित सीमा से काफी ऊपर बढ़ गए हैं, जिससे अमेरिका 2018 में अलग हो गया था।
ईरान के साथ खुलकर खड़ा है रूस – रिपोर्ट के अनुसार, लावरोव का बचाव रूस के उस दीर्घकालिक नीति के अनुरूप है जिसमें वह ईरानी परमाणु मुद्दे के राजनयिक समाधान का समर्थन करता है। रूस हमेशा से ईरान पर एकतरफा प्रतिबंधों एवं सैन्य धमकियों का विरोध करता है। रूस का तर्क रहा है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम का समाधान टकराव के बजाय बहुपक्षीय वार्ताओं के माध्यम से किया जाना चाहिए। ईरान लंबे समय से यह दावा करता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और इसका उद्देश्य ऊर्जा उत्पादन और चिकित्सा संबंधी आइसोटोप तैयार करना है।
अमेरिका ने ईरान पर हमला रोका! – अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अनुरोध पर ईरान पर नए हमले की योजना रोक दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि ईरान के साथ गंभीर बातचीत जारी है जो एक स्वीकार्य समझौते तक पहुंच सकती है। ट्रंप ने सोमवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर यह घोषणा की जिसमें उन्होंने अमेरिका-ईरान युद्ध में मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान का कोई जिक्र नहीं किया।
ट्रंप ने ईरान को लेकर क्या कहा? – उन्होंने कहा, ‘‘कतर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी, सऊदी अरब के शहजादे मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मुझसे ईरान पर कल (मंगलवार) होने वाले हमारे सुनियोजित सैन्य हमले को स्थगित करने का अनुरोध किया है।’’ ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में कहा, ‘‘हम कल एक बहुत बड़ा हमला करने की तैयारी कर रहे थे। मैंने इसे कुछ समय के लिए टाल दिया है। उम्मीद तो है कि यह हमेशा के लिए हो, लेकिन फिलहाल संभवतः कुछ समय के लिए है। हमने ईरान के साथ व्यापक बातचीत की है और हम देखेंगे कि उनका क्या नतीजा निकलता है।’’