Sunday , October 11 2026 12:14 PM
Home / Entertainment / विद्युत जामवाल ने हॉलीवुड से की बॉलीवुड की तुलना, कहा- वहां 1 मिनट की देरी पर भी सवाल-जवाब, यहां कुछ भी नहीं

विद्युत जामवाल ने हॉलीवुड से की बॉलीवुड की तुलना, कहा- वहां 1 मिनट की देरी पर भी सवाल-जवाब, यहां कुछ भी नहीं


बॉलीवुड के एक्शन स्टार विद्युत जामवाल इन दिनों अपनी हॉलीवुड फिल्‍म ‘स्‍ट्रीट फाइटर’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्‍म के टीजर और ट्रेलर में उनका एक्शन अवतार दिखा है। यह फिल्‍म मशहूर वीडियो गेम सीरीज पर आधारित है। विद्युत इससे हॉलीवुड में डेब्यू भी कर रहे हैं। हाल ही फिल्‍ममेकर्स पैरामाउंट पिक्चर्स इंडिया ने मुंबई में एक इवेंट करवाया था, जिसमें विद्युत जामवाल भी पहुंचे, वहां उन्‍होंने हॉलीवुड और बॉलीवुड में तुलना की है। कहा है कि हॉलीवुड में हिंदी फिल्‍म इंडस्‍ट्री से कहीं अध‍िक अनुशासन है। वहां यदि एक्‍टर्स एक मिनट की देरी से भी पहुंचे हैं, तो उनसे सवाल-जवाब किया जाता है।
इवेंट के दौरान विद्युत जामवाल ने खास तौर पर कहा कि हॉलीवुड के सेट पर कड़े नियम होते हैं और यह अच्‍छी बात है। इसी इवेंट में विद्युत ने स्‍टेज पर 15 मिनट तक सांस रोकने और 20 मिनट तक पलकें नहीं झपकने का कारनामा भी किया। उन्‍होंने अपने किरदार धलसिम के बारे में भी बात की और मार्शल आर्ट्स के साथ अपने जुड़ाव पर भी।
हॉलीवुड के सेट पर पहली बार देखा इतना अनुशासन – जब विद्युत जामवाल से हॉलीवुड फिल्म में काम करने के अनुभव और बॉलीवुड के फिल्म सेट से इसके अंतर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘बहुत बड़ा अंतर है। मैंने अपने उन दोस्तों से सुना था जो एक्टर हैं और हॉलीवुड के बारे में जानते हैं कि वहां बजट बहुत ज्यादा होता है। लेकिन मैंने यहां अनुशासन देखा है। पहली बार, मैंने एक सेट पर 300 लोगों को इतने अनुशासन का पालन करते देखा है। वहां, कोई भी एक्टर चाहे वह 50 सेंट हों, जेसन मोमोआ हों या कोडी रोड्स हों, कभी देर से नहीं आते। उनमें देर से आने का कोई कॉन्सेप्ट ही नहीं है।’
एक मिनट की देरी पर भी मेकर्स करते हैं सवाल – एक्टर ने हॉलीवुड के कड़े नियमों की भी तारीफ की और कहा, ‘देर से आने जैसी कोई चीज नहीं होती। अगर कोई एक मिनट भी देर से आता है, तो मेकर्स उन्हें फोन करके पूछते हैं कि क्या वे ठीक नहीं हैं। यह एक बहुत बड़ा अंतर है। नियम बहुत कड़े हैं। अगर आप ओवरटाइम कर रहे हैं, तो हर टेक्नीशियन को हर मिनट के लिए एक्स्ट्रा पैसे मिलते हैं। टेक्नीशियन ओवरटाइम करने का इंतजार करते हैं क्योंकि उन्हें नहीं लगता कि उनके साथ धोखा होगा। नियम बहुत अलग हैं। इसलिए जब आप कुछ दिग्गजों के साथ ऐसा अनुभव करते हैं, तो आपको एहसास होता है कि यह अलग है। उस स्तर तक पहुंचने में हमें समय लगेगा। हम नियमों और कानूनों का पालन कर रहे हैं लेकिन हम और बेहतर कर सकते हैं और ज्यादा कर सकते हैं।’
तीन साल की उम्र से कर रहे हैं कलारीपयट्टू की ट्रेनिंग – विद्युत ने फिल्म तक के अपने सफर के बारे में भी बात की और बताया कि मार्शल आर्ट्स के साथ उनके लंबे जुड़ाव ने उन्हें अपने किरदार से जुड़ने में मदद की। उन्होंने बताया कि वह तीन साल की उम्र से कलारीपयट्टू की ट्रेनिंग ले रहे हैं। एक्टर ने कहा कि उनकी सालों की ट्रेनिंग ने उन्हें यह महसूस कराया कि वह ‘स्ट्रीट फाइटर’ में धलसिम का किरदार निभाने के लिए ही बने हैं।
मशहूर वीडियो गेम सीरीज पर आधारित है ‘स्ट्रीट फाइटर’ – जापानी-अमेरिकी डायरेक्टर किताओ सकुराई के डायरेक्शन में बनी ‘स्ट्रीट फाइटर’ इसी नाम की मशहूर वीडियो गेम सीरीज पर आधारित है। फिल्म में नोआ सेंटिनियो केन मास्टर्स, एंड्रयू कोजी रयू और जेसन मोमोआ ब्लैंका के किरदार में नजर आएंगे। इनके साथ फिल्म में कैलिना लियांग, जो अनोई, डेविड डस्टमालचियन, कोडी रोड्स, एंड्रयू शुल्ज़, एरिक आंद्रे, ऑरविले पेक, ओलिवियर रिचटर्स, हिरोओकी गोटो, रेना वल्लंडिंघम, अलेक्जेंडर वोल्कानोव्स्की और कर्टिस ‘50 सेंट’ जैक्सन भी नजर आएंगे।