Monday , August 3 2026 9:20 PM
Home / News / डोनाल्ड ट्रंप-जॉर्जिया मेलोनी में जुबानी जंग, इटली PM बोलीं- अपनी फिक्र करें अमेरिकी प्रेसिडेंट, क्या है फोटो खिंचाने का विवाद

डोनाल्ड ट्रंप-जॉर्जिया मेलोनी में जुबानी जंग, इटली PM बोलीं- अपनी फिक्र करें अमेरिकी प्रेसिडेंट, क्या है फोटो खिंचाने का विवाद


इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। डोनाल्ड ट्रंप ने पहले कहा था कि जी7 समिट में जॉर्जिया मेलोनी उनके साथ फोटो खिंचाने की मिन्नत कर रही थीं। उनके दावे को मेलोनी ने खारिज कर दिया। इसके बाद ट्रंप ने कहा कि मेलोनी अपनी लोकप्रियता के लिए उनसे दोस्ती बढ़ा रही हैं। इस पर मेलोनी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए यहां तक कह दिया है कि ट्रंप को अपने काम से काम रखना चाहिए।
जॉर्जिया मेलोनी ने शनिवार रात को इंस्टाग्राम पर डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए लिखा, ‘बिना किसी उकसावे या वजह के लगातार किए जा रहे ये हमले बेमतलब हैं। जहां तक मेरी लोकप्रियता की बात है तो आपके (ट्रंप) दोस्त होने से निश्चित रूप से इसमें कोई मदद नहीं मिली है और ना ही यह आपके साथ मेरे संबंधों पर निर्भर करती है। यह पूरी तरह से इटली में मेरे कामकाज पर निर्भर करती है।’
ट्रंप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें: मेलोनी – जॉर्जिया मेलोनी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि मेरी लोकप्रियता से डोनाल्ड ट्रंप को कोई लेना-देना नहीं होना चाहिए। मेरी सलाह है कि आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें। मेलोनी का यह जवाब ट्रंप की कुछ घंटे पहले की गई पोस्ट पर आया है। इसमें ट्रंप ने कहा था कि फ्रांस में G7 समिट के दौरान मेलोनी ने उनसे बार-बार फोटो खिंचवाने के लिए कहा था क्योंकि इटली में उनकी लोकप्रियता कम हुई है।