Tuesday , October 13 2026 11:08 AM
Home / News / महिलाओं और छात्रों पर हमला करने वाले कौन? हिंदू रक्षा दल के नेता ने क्या कहा

महिलाओं और छात्रों पर हमला करने वाले कौन? हिंदू रक्षा दल के नेता ने क्या कहा


10 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट के मामले भी सामने आए। सोशल मीडिया पर कई वीडियो में कुछ लोग प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट करते और उन्हें धक्का देते दिख रहे हैं। वीडियो के साथ दावा किया गया कि सिविल कपड़ों में आए कुछ लोगों ने प्रदर्शनकारियों को घसीटा, थप्पड़ मारे और लातों से पीटा। आरोप यह भी लगे कि महिलाओं और छात्रों को निशाना बनाया गया, वीडियो बनाने वालों को धमकाया गया और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमलावरों ने मारपीट की।
इन घटनाओं के बाद आरोप लगे कि दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़े लोगों ने प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाया। मामले में दिल्ली पुलिस ने रविवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया। सीपीआई ने एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया था कि बीजेपी से जुड़े लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में एक युवती के साथ मारपीट की। पार्टी ने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को सुरक्षा देने के बजाय कथित हमलावरों को ऐसा करने का मौका कैसे मिला। हालांकि किसी आरोपी के पार्टी से जुड़े होने की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। शनिवार को कनॉट प्लेस, पालिका बाजार और एमसीडी सिविल सेंटर के आसपास भी प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों के साथ कथित मारपीट और धमकी देने की घटनाओं का सोशल मीडिया पर जिक्र किया जा रहा है। रविवार को भी सीपी में कई जगहों से ऐसे वीडियो सामने आए। वायरल वीडियो में कुछ घटनाओं के दौरान पुलिसकर्मियों की मौजूदगी दिखाई देने के बाद उनकी भूमिका पर भी सवाल उठे हैं।
हिंदू रक्षा दल के नेता ने कहा, हमने पीटा – जंतर मंतर पर पहुंचे CJP कार्यकर्ताओं पर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के हमले का वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर मामला गरमा गया है। अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी का कहना है कि उसके कहने पर ही उसके कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे। उसका कहना था कि कार्यकर्ता डंडे तक ले जाना चाहते थे, लेकिन उसने ऐसा करने से रोक दिया था। सनातन की रक्षा के लिए संगठन पूरी तरह से तैयार है। पिंकी का शुक्रवार को भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह झंडा लहराते हुए कह रहा था कि कॉकरोच जंतर मंतर पर दोबारा आ रहे हैं। हम हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता उनका दिमाग ठीक करने पहुंच रहे हैं। वहां बड़ी संख्या में कट्टर हिंदू और भगवाधारी आएंगे। उनका किसी राजनीतिक दल से कोई मतलब नहीं है।
विवादित बयानों से चर्चा में रहने वाला भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी हमले का वीडियो वायरल, विवाद बढ़ा – इसके बाद पुलिस ने पिंकी चौधरी को उसके घर साहिबाबाद के राजेंद्र नगर में हाउस अरेस्ट कर लिया था। उसे शनिवार देर शाम छोड़ दिया गया।
गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई – पिंकी चौधरी का विवादों से नाता रहा है। गाजियाबाद पुलिस उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई कर चुकी है। साहिबाबाद थाने में हिस्ट्रीशीटर-9A भी खुली हुई है। 2013 में पिंकी चौधरी 2020 में जेएनयू में छात्रों की पिटाई की जिम्मेदारी लेने के बाद चर्चा में आया था। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमले की कोशिश के मामले में भी आरोप लगे थे। 2021 में हिंदू संगठनों की एक रैली के दौरान भड़काऊ भाषण और सांप्रदायिक नारेबाजी के बाद दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
लड़की को पीटने वाले चारों अरेस्ट – DDU मार्ग इलाके में 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान एक लड़की और युवक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद कमला मार्केट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले चारों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान रमन सैनी (50), विवेकानंद उर्फ विवेक (32), कपिल कुमार (27) और रविंदर सिंह उर्फ गोविंद हिंदू (35) के रूप में हुई है। चारों के खिलाफ BNS की धारा 126 (गलत तरीके से रास्ता रोकना) और धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) का मामला दर्ज किया गया है। चारों गाजियाबाद के रहने वाले हैं। फिलहाल चारों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जुडिशल कस्टडी) में भेज दिया है।