Saturday , March 30 2024 2:18 AM
Home / Spirituality / क्यों शक्तिशाली होता है Chhath Puja का Prasad? खाने से पहले जान लें इसके चौंकाने वाले फायदे

क्यों शक्तिशाली होता है Chhath Puja का Prasad? खाने से पहले जान लें इसके चौंकाने वाले फायदे


आज 28 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू हो चुका है। यह पर्व 31 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें छठी मैया की पूजा की जाती है। इस त्योहार पर ठेकुआ का प्रसाद जरूर बनाया जाता है। ठेकुआ के साथ छठ के प्रसाद में और भी कई चीजें जैसे गन्ना, चकोतरा, चावल के लड्डू, केला आदि को शामिल किया जाता है।
यूं तो यह पर्व मुख्य रूप से बिहार से जुड़ा है। लेकिन देश और विश्व के हर कोने में आपको छठ पूजा देखने को मिल जाएगी और इसका प्रसाद भी खाने को मिल जाएगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि छठ पूजा का प्रसाद सेहत की दृष्टि से भी शक्तिशाली होता है। इसमें शामिल हर चीज सुपरफूड है, जो सेहत को कई सारे फायदे देती है।
ठेकुआ – ठेकुआ बनाने के लिए आटा, गुड़ और घी का इस्तेमाल किया जाता है। यह तीनों चीजें इस दौरान होने वाले मौसमी बदलाव का प्रभाव कम करती हैं। ठेकुआ खाने से शरीर की गर्माहट और इम्युनिटी बढ़ती है। जिससे सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं से बचाव होता है।
सुथनी – सुथनी देखने में शकरकंद या अरबी की तरह लगती है। इसमें फाइबर और प्रोटीन के साथ कई सारे विटामिन व मिनरल्स मौजूद होते हैं। जहां यह अस्थमा के लक्षणों को कम करने में मदद करती है, वहीं इसके सेवन से पाचन तंत्र भी मजबूत बनाया जा सकता है।
सिंघाड़ा – छठ पूजा के प्रसाद में सिंघाड़ा भी शामिल करते हैं। यह एक मौसमी फल है, जो कई सारे स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। सिंघाड़ा खाकर शरीर को हाइड्रेट रखा जा सकता है। वहीं, यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने, वजन घटाने और मजबूत पाचन में मददगार होता है।
गन्ना – गर्मियों में जहां गन्ने का जूस पिया जाता है, वहीं सर्दियों में कच्चा गन्ना खाना काफी पसंद आता है। छठ पूजा में गन्ने को भी प्रसाद में शामिल किया जाता है। गन्ना खाकर पाचन को तेज किया जाता है और गैस की समस्या से भी राहत मिलती है। वहीं, गन्ना खाने से दांतों और मसूड़ों को मिलने वाली मजबूती को नहीं भूला जा सकता है।
डाभ नींबू – डाभ नींबू या चकोतरा विटामिन-सी से भरपूर फल है। यह स्वाद में खट्ठा-मीठा होता है। जो कि इम्युनिटी को मजबूत बनाकर संक्रमणों से दूर रखता है। चकोतरा खाने से त्वचा और बालों को भी फायदा मिलता है।
केला – केला छठ पूजा के प्रसाद का सुपरफूड है। जिसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम, मैंगनीज, विटामिन बी6 और आयरन भरपूर होता है। केला खाने से ना सिर्फ आपकी मसल्स मजबूत बनती है, बल्कि बच्चों का शारीरिक विकास भी बेहतर होता है।
नारियल – छठ पूजा के प्रसाद में नारियल को नहीं भूला जा सकता है। यह प्रसाद का अभिन्न अंग है। नारियल खाने से भी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। वहीं, यह गट हेल्थ और ओरल हेल्थ के लिए भी अच्छा माना जाता है।