
पाकिस्तान के कराची से भारत आईं जावेरिया की हर ओर चर्चा हो रही है। जावेरिया कोलकाता के समीर से शादी करने के लिए भारत आई हैं। मंगलवार को वह जब वाघा-अटारी बॉर्डर पार कर इंडिया आईं तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। जावेरिया ने बताया कि 5 साल पहले दोनों की सगाई हो चुकी है लेकिन वीजा और दूसरी कुछ दिक्कतों की वजह से वह भारत नहीं आ पा रही थीं। अब उनको वीजा मिला है तो वह भारत आई हैं। अगले महीने जावेरिया और समीर की शादी तय है। समीर और जावेरिया अगले महीने शादी करने जा रहे हैं लेकिन ये दोनों के बीच कैसे प्यार हुआ और फिर ये किस्सा कैसे शादी तक पहुंचा, इसकी कहानी भी दिलचस्प है।
समीर खान ने जावेरिया के साथ प्यार और शादी पर बताया कि उन्होंने 2018 में उन्होंने पहली बार जावेरिया की तस्वीर देखी थी। समीर के मुताबिक, मैं जर्मनी में पढ़ाई कर रहा था। 2018 में छुट्टियों में घर आया तो एक दिन अपनी मां के फोन पर जावेरिया की तस्वीर देखी। समीर को फोटो देखकर ही पहली नजर में जावेरिया से प्यार हो गया। इसके बाद समीर ने जावेरिया के बारे में मां से पता किया तो उनको मालूम हुआ कि वो तो कराची में रहती हैं।
कराची से ही शादी करने का किया फैसला – समीर ने जब अपनी मां से जावेरिया के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह उनके एक रिश्तेदार अजमत इस्माइल की बेटी हैं। जो कि पाकिस्तान के कराची में रहते हैं। समीर ने कहा कि वो जावेरिया से शादी करना चाहते हैं। इस पर उनकी मां ने उनको जावेरिया का नंबर दिया, दोनों की बात हुई तो दोनों में प्यार हो गया। कुछ दिन में ही दोनों के बीच रिश्ता इतना मजबूत हो गया कि इसी साल, 2018 में ही दोनों ने सगाई कर ली। दोनों तभी शादी करना चाहते थे लेकिन इसके बाद दोनों के निकाह के बीच कभी कोरोना तो कभी वीजा आता रहा।
मीडिया से बात करते हुए जावेरिया खानम ने कहा कि 2018 में सगाई के कुछ दिन बाद ही उनका शादी का प्लान था। कोविड-19 महामारी आ जाने से उनकी शादी की योजना आगे बढ़ गई। उनका वीजा भी दो बार खारिज कर दिया गया। ऐसे में शादी करीब 5 साल तक चलती रही लेकिन दोनों ने इससे घबराने की बजाय चीजों के ठीक होने का इंतजार किया। अब जावेरिया को 45 दिन का वीज़ा दिया गया है। 6 जनवरी को दोनों की शादी होनी है। बता दें कि हाल के समय में भारत-पाक के जोड़ों के प्रेम की काफी चर्चा रही है। कुछ समय पहले सीमा हैदर पाकिस्तान से भारत आई थीं तो हाल ही में अंजू नाम की महिला प्रेमी नसरुल्ला से मिलने पाकिस्तान पहुंच गई थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website