
भारतीय टी20 टीम के कप्तानी को लेकर इस समय परदे के पीछे भारी कशमकश चल रही है। वर्ल्ड कप 2026 की खिताबी जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म ने सेलेक्टर्स को कड़ा फैसला लेने पर मजबूर कर दिया है। सूर्या की बल्लेबाजी में आई गिरावट के बाद अब बीसीसीआई उनके विकल्प की तलाश में है। इस रेस में हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के पसंदीदा चेहरों को लेकर मतभेद उभरकर सामने आए हैं जिसने कप्तानी की इस जंग को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
गौतम गंभीर की पहली पसंद ये खिलाड़ी – पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, हेड कोच गौतम गंभीर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को कप्तानी सौंपने के पक्ष में हैं। हालांकि, बीसीसीआई के सेलेक्टर संजू और ईशान किशन दोनों के ही नाम पर सहमत नहीं हैं। चयन समिति का मानना है कि ‘वे इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि ये दोनों खिलाड़ी लंबे समय तक प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रख पाएंगे या नहीं।’ चयनकर्ताओं की इस हिचकिचाहट ने संजू सैमसन के लिए कप्तानी की राह मुश्किल कर दी है।
श्रेयस अय्यर को मिलेगी जिम्मेदारी – इस खींचतान के बीच अब सारा दारोमदार श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा पर आकर टिक गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रेयस अय्यर फिलहाल इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं और वे अजीत अगरकर की पहली पसंद हैं। अगरकर लंबे समय से श्रेयस को वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट के कप्तान के रूप में देख रहे हैं। श्रेयस के पक्ष में उनका हालिया रिकॉर्ड भी जाता है उन्होंने न सिर्फ कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2024 का खिताब दिलाया, बल्कि पंजाब किंग्स को भी फाइनल तक पहुंचाया। साथ ही उन्होंने टी20 फॉर्मेट के लिहाज से अपनी बल्लेबाजी में भी शानदार सुधार किया है।
गंभीर अय्यर से खुश नहीं? – हालांकि, श्रेयस अय्यर के नाम पर खुद हेड कोच गौतम गंभीर को कुछ झिझक है। रिपोर्ट की मानें तो गंभीर के मन में श्रेयस को लेकर कुछ आशंकाएं हैं। दोनों ने आईपीएल 2024 में केकेआर को चैंपियन बनाने के लिए साथ काम किया था लेकिन उस दौरान ऐसी सुगबुगाहट थी कि श्रेयस को लगता था कि मेंटर के तौर पर गंभीर की मौजूदगी के कारण उनकी कप्तानी के योगदान को कम करके आंका गया। ऐसे में गंभीर और श्रेयस के बीच के ये समीकरण कप्तानी के फैसले में बड़ा मोड़ ले सकते हैं।
Home / Sports / श्रेयस अय्यर नहीं ये खिलाड़ी है गौतम गंभीर की पहली पसंद! सेलेक्टर्स नहीं हैं राजी, आईपीएल में भी नहीं करता कप्तानी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website