Tuesday , March 10 2026 2:14 PM
Home / Uncategorized / UN महासचिव ने भुखमरी को लेकर किया आगाह- खाली पेट कारण वैश्विक शांति का खतरा बढ़ा

UN महासचिव ने भुखमरी को लेकर किया आगाह- खाली पेट कारण वैश्विक शांति का खतरा बढ़ा


संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने मंगलवार को आगाह किया कि जलवायु परिवर्तन और खाद्य संकट की वजह से वैश्विक शांति के लिए खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की एक उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि जलवायु आपदाएं खाद्य उत्पादन को खतरे में डालती हैं और ‘‘अशांति को खाली पेट की वजह से बढ़ावा मिलता है।” गुतारेस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा पर भोजन की कमी और बढ़ते तापमान के असर को संबोधित करने का अनुरोध किया। कई देशों ने इसका समर्थन किया है लेकिन रूस ने इसका समर्थन नहीं किया।
गुतारेस ने कहा, ‘‘जलवायु और संघर्ष हमारे वैश्विक खाद्य संकट के दो प्रमुख कारक हैं। जहां युद्ध शुरू होते हैं, भुखमरी हावी हो जाती है – चाहे वह लोगों के विस्थापन के कारण हो, खेती तबाह होने के कारण हो, बुनियादी ढांचे के नुकसान के कारण हो, या जानबूझकर इनकार करने की नीतियों के कारण हो।” उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच, जलवायु अराजकता दुनियाभर में खाद्य उत्पादन को खतरे में डाल रही है।” उन्होंने कहा कि युद्धग्रस्त गाजा में किसी के पास खाने के लिए पर्याप्त भोजन नहीं है और दुनिया में 7,00,000 सबसे ज्यादा भूखे लोगों में से 80 फीसदी इसी छोटे-से क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने कहा कि सीरिया में एक दशक से ज्यादा के युद्ध में 1.3 करोड़ सीरियाई हर दिन भूखे सोते हैं।