
सऊदी अरब में बुधवार, 4 जून से इस साल की हज यात्रा की शुरुआत हो गई है। गुरुवार को लाखों हाजी अराफात डे के मौके पर माउंट अराफात पर एकत्र हुए, जो हज का एक महत्वपूर्ण दिन है। मक्का के पास स्थित अराफात की पहाड़ी की सऊदी के इतिहास और इस्लाम के मानने वालों के लिए काफी अहमियत है। ऐसी मान्यता है पैगंबर मोहम्मद ने 1400 वर्ष पहले अपना आखिरी उपदेश इसी पहाड़ी पर खड़े होकर दिया था। ऐसे में हर साल दुनियाभर से हज यात्रा के लिए सऊदी जाने वाले मुस्लिम श्रद्धाभाव से इस पहाड़ी पर जाते हैं।
गुरुवार को अराफात की पहाड़ी के आसपास की सड़कों पर बड़ी तादाद में हाजियों की भीड़ पहुंची। हाजियों ने माउंट अराफात पर पहुंच कर अपनी इबादत की। हालांकि बीते साल की तरह इस वर्ष भी हज के अरकान पूरा करना आसान नहीं है। इसकी वजह मक्का और आसपास के शहरों में हो रही तेज गर्मी है। 40 डिग्री से ज्यादा का तापमान हाजियों के लए बड़ी चुनौती है। खासतौर से बुजुर्गों और ठंडे मौसम वाले देशों से गए लोगों को ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
हज दुनिया का बड़ा सामूहिक आयोजन – हज इस्लाम धर्म के का पांच स्तंभों में से एक है। आर्थिक तौर पर सक्षम मुस्लिम के लिए जीवन में एक बार हज करना फर्ज है। हज के लिए हर साल मक्का में लाखों मुस्लिम जुटते हैं। इस साल भी 14 लाख से ज्यादा मुस्लिम हज के लिए सऊदी पहुंचे हैं। इस्लामी वर्ष के 12वें महीने में होने वाला हज दुनिया के सबसे बड़े सामूहिक धार्मिक आयोजनों में से एक है।
हज के दौरान तीर्थयात्री कई अनुष्ठान करते हैं। इसमें काबा की परिक्रमा करना, सफा और मारवा पहाड़ियों के बीच दौड़ना और अराफात के मैदान में प्रार्थना करना शामिल है। बीते कई वर्षों से हज एक चुनौतीपूर्ण यात्रा बनी हुई है क्योंकि तीर्थयात्रियों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बीते साल हज के दौरान 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हज की वजह से हो गई थी।
सऊदी अरब सरकार ने पिछले साल हज के दौरान गर्मी से हुई मौतों को देखते हुए इस वर्ष कई इंतजाम किए हैं। सऊदी अधिकारियों ने गर्मी से बचाव के लिए टेंट बढ़ाए हैं। सऊदी हज मंत्री तौफीक अल-रबिया ने बताया कि 400 से ज्यादा कूलिंग यूनिट लगाए गए हैं। खासतौर से बिना परमिट वाले तीर्थयात्रियों पर सऊदी सरकार ने सख्ती की है। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन के लिए इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जा रहा है।
Home / Uncategorized / हज 2025: मक्का के माउंट अराफात पहुंचे लाखों हाजी, भीषण गर्मी के बीच शुरू की इबादत, जानें महत्व
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website