Thursday , December 25 2025 8:57 PM
Home / News / भारत से दुनिया को सीखना चाहिए… पुतिन ने बताया हिंदुस्‍तान की कौन सी बात आई सबसे ज्यादा पसंद, हिंदी पर कही बड़ी बात

भारत से दुनिया को सीखना चाहिए… पुतिन ने बताया हिंदुस्‍तान की कौन सी बात आई सबसे ज्यादा पसंद, हिंदी पर कही बड़ी बात


रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का नई दिल्ली में जोरदार स्वागत किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट पर पहुंचकर पुतिन का स्वागत किया और उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बीते हफ्ते भारत आए थे। वह 4 दिसंबर की शाम नई दिल्ली पहुंचे थे और 5 दिसंबर की रात को वापस मॉस्को लौटे। अपनी इस यात्रा के दौरान पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और राष्ट्रपति भवन में डिनर किया। पुतिन के दौरे को लेकर भारत में काफी उत्साह देखा गया था। पुतिन ने अपने दिल्ली के दौरे के एक हफ्ते बाद और अनुभवों को साझा किया है। उन्होंने बताया है कि भारत की किन चीजों ने उनको प्रभावित किया है।
न्यूज18 के मुताबिक, व्लादिमीर पुतिन ने दिल्ली दौरा का जिक्र करते हुए भारत में विविधता और दूसरे मुद्दों पर बात की है। उन्होंने भारत की संस्कृति की तारीफ की है। पुतिन ने कहा, ‘मैंने देखा कि 1.5 अरब की आबादी वले भारत में अलग-अलग तरह की भाषा और संस्कृति वाले लोग रहते हैं। मुझे भारत का विविधता में एकता का सिद्धांत काफी प्रभावित करता है।’
सब हिंदी नहीं बोलते: पुतिन – पुतिन ने आगे कहा, ‘भारत में अलग-अलग हिस्सों में खानपान और भाषा बदल जाती है। वहां सभी हिंदी नहीं बोलते, शायद 500-600 मिलियन लोग बोलते होंगे लेकिन बाकी लोग अलग-अलग भाषाएं बोलते हैं। यहां तक कि कई मौकों पर वे एक-दूसरे को भी नहीं समझते हैं। इसके बावजूद वह एक साथ बंधे हैं, जो दुनिया के लिए सीख लेने वाली बात है।
पुतिन की यह टिप्पणी भारत की यात्रा के बाद आई है। पुतिन 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली आए थे। पुतिन की दिल्ली यात्रा पर इसलिए भी दुनिया की नजर लगी हुई थी क्योंकि भारत और अमेरिका के संबंध तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर रूसी तेल खरीदने को लेकर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है।