Thursday , May 14 2026 6:00 PM
Home / Sports / प्लेऑफ की रेस में शामिल सीएसके के लिए बुरी खबर, अचानक यूके लौटे जेमी ओवरटन

प्लेऑफ की रेस में शामिल सीएसके के लिए बुरी खबर, अचानक यूके लौटे जेमी ओवरटन


प्लेऑफ की रेस में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के लिए कमाल का प्रदर्शन कर रहे जेमी ओवरटन चोटिल हो गए हैं। इसकी वजह से उन्हें इंग्लैंड वापस लौटना पड़ा है। ओवरटन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज के साथ ही निचले क्रम के विस्फोटक बल्लेबाज भी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स को 15 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में मुकाबला खेलना है।
सीजन से बाहर नहीं हुए हैं जेमी ओवरटन – चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि जेमी ओवरटन को इंजरी के मैनेजमेंट के लिए इंग्लैंड लौटना पड़ा है। उनके सीजन से बाहर होने के बारे में कोई बात नहीं कही गई है। सीएसके ने एक्स पर लिखा, ‘आधिकारिक घोषणा: जेमी ओवरटन की दाईं जांघ में चोट लगी है और वे आगे की जांच और इलाज के लिए यूके लौट रहे हैं।’
जेमी ओवरटन का इस सीजन प्रदर्शन – चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन अपने आखिरी मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत मिली थी। उसमें जेमी ओवरटन ही प्लेयर ऑफ द मैच थे। पावरप्ले में लखनऊ ने 92 रन बनाए थे लेकिन ओवरटन ने तीन विकेट लेकर टीम को 203 पर ही रोक दिया। 10 मैचों में सीएसके के लिए वह 14 विकेट ले चुके हैं। ओवरटन की इकोनॉमी 9 से भी कम की है। इसके साथ ही 158 की स्ट्राइक रेट से उनके बल्ले से 136 रन भी निकले हैं।
पॉइंट्स टेबल में 5वें पर है सीएसके – चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन खिलाड़ियों की इंजरी से काफी परेशान रही है। बुधवार को सीएसके ने चोट की वजह से आईपीएल 2026 से बाहर होने के बाद रामकृष्ण घोष की जगह पर कर्नाटक के बल्लेबाजी ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को टीम से जोड़ा है। सीएसके फिलहाल 11 मुकाबलों में 12 प्वाइंट्स के साथ अंक तालिका में पांचवें नंबर पर मौजूद है। अगर टीम को प्लेऑफ में जाना है तो 3 में से कम से कम दो मैच जीतने ही होंगे।