Tuesday , April 21 2026 9:39 PM
Home / Sports / आज का आईपीएल मैच, 21 अप्रैल 2026: दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल में मुकाबला आज, टॉप 4 के लिए SRH से भिड़ंत

आज का आईपीएल मैच, 21 अप्रैल 2026: दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल में मुकाबला आज, टॉप 4 के लिए SRH से भिड़ंत


आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में मंगलवार (21 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला हैदराबाद राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। एसआरएच अपनी जीत की लय को इस मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी। वहीं, अक्षर पटेल की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स भी दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी।
बता दें कि हैदराबाद और दिल्ली के 6-6 अंक हैं। लेकिन, एसआरएच बेहतर नेट रन रेट के चलते चौथे पायदान पर है जबकि दिल्ली पांचवें स्थान पर है। अगर हैदराबाद यह मैच जीतेगी तो वे टॉप 4 में बरकरार रहेंगे। वहीं अगर दिल्ली ने बाजी मारी तो वे टॉप 4 में वापसी कर लेंगे और हैदराबाद उनसे नीचे आ जाएगी।
हैदराबाद ने लगातार दो मुकाबले जीते – सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी दो मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एसआरएच के बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा था। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 59 रनों की दमदार पारी खेली थी, तो हेनरिक क्लासेन अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखने में सफल रहे थे। उन्होंने 39 गेंदों में 59 रन बनाए थे। ईशान किशन ने भी इस सीजन बल्ले से अहम योगदान दिया है। हालांकि, ट्रेविस हेड जरूर रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। नीतीश कुमार रेड्डी ने आईपीएल 2026 में बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है।
हैदराबाद का बॉलिंग अटैक अच्छी लय में – एसआरएच का गेंदबाजी अटैक भी पिछले दो मुकाबलों में अच्छी लय में दिखाई दिया है। ईशान मलिंगा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। वहीं, नीतीश ने 2 विकेट निकाले थे। हालांकि, डेब्यू मैच में 4 विकेट लेने वाले प्रफुल्ल हिंगे ने 4 ओवर के स्पेल में 60 रन दिए थे, जबकि साकिब हुसैन ने 32 रन खर्च करके एक विकेट निकाला था।
कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल? – राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। इस ग्राउंड पर बड़े टोटल बनते हैं। हालांकि, मैदान बड़ा होने की वजह से स्पिनर्स भी यहां अहम भूमिका निभाते हैं। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद में मंगलवार को दिन में बारिश होने की आशंका है, लेकिन मैच के वक्त मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आरसीबी को हराकर जीत की पटरी पर लौटी दिल्ली – दूसरी तरफ, दो मैच हारने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मिली जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स की गाड़ी पटरी पर लौट आई है। आरसीबी के खिलाफ लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल का प्रदर्शन गेंद से बढ़िया रहा था। वहीं, बल्लेबाजी में केएल राहुल ने 34 गेंदों में 57 रनों की सूझबूझ भरी पारी खेली थी। ट्रिस्टन स्टब्स ने 47 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए थे, जबकि डेविड मिलर 10 गेंदों में 22 रन बनाकर नाबाद रहे थे।
हालांकि, शुरुआती मुकाबलों में अकेले दम पर डीसी को जीत दिलाने वाले समीर रिजवी का बल्ला पिछले कुछ मुकाबलों में पूरी तरह से खामोश नजर आया है। टीम उनसे एसआरएच के खिलाफ दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल में अब तक कुल 26 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 13 मुकाबलों में एसआरएच ने जीत दर्ज की है, जबकि 12 मैच डीसी ने जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।