Thursday , April 23 2026 10:27 PM
Home / Business & Tech / सिर्फ चार्जिंग के लिए नहीं होता लैपटॉप का Type-C पोर्ट, 5 काम बनाते हैं इसे सुपर-कनेक्टर, लोग नहीं जानते फायदा उठाना

सिर्फ चार्जिंग के लिए नहीं होता लैपटॉप का Type-C पोर्ट, 5 काम बनाते हैं इसे सुपर-कनेक्टर, लोग नहीं जानते फायदा उठाना


बहुत से लोग लैपटॉप इस्तेमाल तो करते हैं लेकिन उसके टाइप सी पोर्ट की ताकत से अनजान रहते हैं। ज्यादातर लोग इससे सिर्फ लैपटॉप को चार्ज करते हैं या फिर डेटा ट्रांसफर का काम लेते हैं। हालांकि इस सुपर कनेक्टर से 5 बड़े-बड़े काम लिए जा सकते हैं। यह आपके फोन को पावरबैंक की तरह चार्ज करने के लिए इस्तेमाल हो सकता है या फिर गेमिंग और वीडियो एडिटिंग के लिए आप अपने ग्राफिक्स कार्ड की परफॉर्मेंस को बढ़ा सकते हैं।
लैपटॉप का टाइप सी पोर्ट है सुपर कनेक्टर – लोग अपने लैपटॉप पर मौजूद टाइप सी पोर्ट का इस्तेमाल ज्यादातर सिर्फ चार्जिंग या बहुत हुआ तो डेटा ट्रांसफर के लिए करते हैं। हालांकि इनका सिर्फ यही इस्तेमाल नहीं है। लैपटॉप पर मौजूद टाइप सी पोर्ट अलग-अलग कैटेगरी के होते हैं जैसे कि डेटा ओनली, पावर डिलीवरी (PD) या थंडरबोल्ट। लैपटॉप के टाइप सी पोर्ट की ये खासियत इसे सुपर कनेक्टर बनाती है, जो सिर्फ चार्जिंग या डेटा ट्रांसफर ही नहीं बल्कि 5 बड़े-बड़े काम भी कर सकता है।
इसमें बिना किसी भारी एडेप्टर के मल्टीपल 4K मॉनिटर्स को कनेक्ट करना, रिवर्स चार्जिंग के जरिए फोन को चार्ज करना, पोर्टेबल एक्सटर्नल ग्राफिक्स कार्ड जोड़कर गेमिंग परफॉर्मेंस बढ़ाना, एक ही केबल से हाई-स्पीड ईथरनेट इंटरनेट एक्सेस करना और यूनिवर्सल डॉकिंग स्टेशन के जरिए अपने लैपटॉप को एक पूरे वर्कस्टेशन में तब्दील कर देना शामिल है।
लैपटॉप से लें पावर बैंक का काम – अक्सर मैने देखा है कि लोग अपने सामने लैपटॉप होते हुए भी दूसरों से चार्जर मांग रहे होते हैं। इससे समझ में आता है कि कम ही लोग जानते हैं कि उनका लैपटॉप एक पावर बैंक की तरह भी काम कर सकता है। खास बात है कि अगर आपके लैपटॉप में PD यानी पावर डिलिवरी पोर्ट है, तो भले आपका लैपटॉप बंद भी क्यों ना हो वह पावरबैंक की तरह आपके फोन, टैबलेट या स्मार्टवॉच जैसे दूसरे गैजेट्स को चार्ज कर सकता है।
मल्टी-डिस्प्ले और 4K मॉनिटर कनेक्शन – लोग अपने लैपटॉप को मॉनिटर से जोड़ने के लिए बड़ी-बड़ी HDMI केबल्स का इस्तेमाल करते हैं, जबकि यह काम लैपटॉप के टाइप सी पोर्ट से हो सकता है। बशर्ते आपके लैपटॉप के टाइप सी पोर्ट में डिस्प्ले पोर्ट या थंडरबोल्ट का सपोर्ट हो। ऐसे में आप सिर्फ एक टाइप सी केबल की मदद से लैपटॉप को हाई-रिजॉल्यूशन 4K मॉनिटर से जोड़ सकते हैं। इससे बेस्ट पिक्चर क्वालिटी तो मिलती ही है और साथ ही तारों का जंजाल खत्म होता है।
डॉकिंग स्टेशन की तरह लें काम – अगर आपके लैपटॉप में टाइप सी पोर्ट है, तो आप एक टाइप सी हब के जरिए डेस्कटॉप की तरह लैपटॉप से डॉकिंग स्टेशन का काम ले सकते हैं। इसके बाद एक पोर्ट में ही एक साथ कीबोर्ड, माउस, प्रिंटर, इंटरनेट केबल और पेन ड्राइव जैसे कई डिवाइस कनेक्ट कर सकते हैं।
गेमिंग एक्सपीरियंस को बनाएं बेहतर – आप अपने लैपटॉप के थंडरबोल्ट वाले टाइप सी पोर्ट में एक्सटर्नल ग्राफिक कार्ड लगाकर गेमिंग परफॉर्मेस बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा यह वीडियो एडिटिंग के समय पर भी काम आ सकता है। ऐसे में जरूरी नहीं कि आफ लैपटॉप में इन बिल्ट ग्राफिक कार्ड पर ही निर्भर रहें। ऐसा करके आप नॉर्मल लैपटॉप से भी हाई-एंड गेमिंग पीसी वाली परफॉर्मेंस ले सकते हैं।
सुपरफास्ट डेटा ट्रांसफर और इंटरनेट करें इस्तेमाल – अगर आपके लैपटॉप में टाइप सी पोर्ट है, तो आप हाई स्पीड डेटा ट्रांसफर कर सकते हैं, जिसकी स्पीड USB 3.2 या थंडरबोल्ट 4 के साथ 40Gbps तक जा सकती है। इसके अलावा, अगर आपके ऑफिस या घर में वाई-फाई धीमा है, तो आप टाइप-सी पोर्ट में ईथरनेट एडेप्टर जोड़कर सीधे केबल के जरिए सुपरफास्ट ब्रॉडबैंड इंटरनेट इस्तेमाल कर सकते हैं।