
आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जीत के बाद भी लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत को फाइन लगाया गया है। उनपर यह फाइन स्लो ओवर रेट की वजह से लगाया गया है।
ऋषभ पंत के टीम की पहली गलती – ऋषभ पंत पर आईपीएल ने 12 लाख का फाइन लगाया है। आईपीएल की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है, ‘लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर शुक्रवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के 59वें मैच के दौरान उनकी टीम द्वारा धीमी ओवर-रेट बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है।’
बयान में आगे कहा गया है- आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22, जो न्यूनतम ओवर-रेट से जुड़े उल्लंघनों से संबंधित है के तहत इस सीजन में उनकी टीम का यह पहला उल्लंघन था, इसलिए ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
लखनऊ ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य – इस मुकाबले में सीएसके से मिले 188 रन के लक्ष्य को एलएसजी ने 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एलएसजी की तरफ से पारी की शुरुआत करने आए मिचेल मार्श ने 38 गेंदों पर 7 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 90 रन की पारी खेल टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। मार्श रन आउट हो गए और इसी वजह से शतक नहीं लगा पाए। जोश इंग्लिश ने 32 गेंदों पर 36 और निकोलस पूरन ने 17 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। मुकुल चौधरी भी 10 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के बाद भी लखनऊ की टीम पॉइंट्स टेबल में आखिरी नंबर पर है।
Home / Sports / लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर एक्शन, सीएसके के खिलाफ जीतने के बाद भी सजा मिली
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website